हिसार | हरियाणा के हिसार शहर में जलापूर्ति से जुड़ी एक जरूरी खबर सामने आई है. यहां इस महीने के आखिरी दिनों में जल संकट गहरा सकता है. बता दें कि दिल्ली- बठिंडा रेलवे लाइन पर स्थित सिरसा शाखा के रेलवे पुल नंबर 208 की आकस्मिक मरम्मत कार्य को लेकर नहर बंद रहेगी, जिसके चलते शहरवासियों को इस परेशानी से जूझना पड़ सकता है.
नहर विभाग ने जल आपूर्ति विभाग को सूचित कर दिया है कि सिरसा ब्रांच में 14 दिसंबर से 28 दिसंबर 2025 तक नहर के पानी की पूर्ति बंद रखने के आदेश जारी किए गए है. ऐसे में हिसार से आने वाली बालसमंद ब्रांच नहर में भी पानी नहीं आएगा.
हिसार शहर में बढ़ेगी परेशानी
जल विभाग ने बताया है कि मरम्मत कार्य के चलते इस अवधि में पानी की सप्लाई पूर्ण रूप से बंद रहेगी. ऐसे में पब्लिक हेल्थ, HSVP, HAU सहित औद्योगिक इकाइयों को भी पानी उपलब्ध नहीं हो पाएगा. ऐसे में आम लोगों से भी अपील है कि निर्धारित अवधि में किसी भी तरह की असुविधा से बचने के लिए अपने सभी जल कार्य टैंकों व भंडारण टैंकों को समय रहते भरकर रखें.
HSVP के पास पर्याप्त पानी
नहरबंदी की सूचना मिलते ही HSVP व पब्लिक हेल्थ के अधिकारियों ने वाटर स्टोरेज को लेकर प्लानिंग शुरू कर दी है. HSVP के SDO अनूप बूरा का कहना है कि वैसे तो 14 को नहरबंदी के बाद दिसंबर के आखिरी दिन तक शहर में पेयजल सप्लाई आसानी से हो जाएगी. HSVP के पास इतना पानी है कि 10 से 15 दिन तक आसानी से काम चल सकता है. अगर वाटर स्टोरेज की जरूरत पड़ी, तो स्टोर किया जाएगा. वैसे भी फिलहाल सर्दी का मौसम है पानी की जरूरत कम होगी.
