कैथल | हरियाणा के कैथल के खानपुर गांव में पंचायत ने ऐसा फैसला लिया है, जिसके बाद अब हर ओर पंचायत के इस फैसले की सराहना हो रही है. मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार, गांव में अब प्राइवेट स्कूलों में बच्चों के प्रवेश पर रोक लगाने की बात कही जा रही है. ग्रामीणों द्वारा बैठक की गई और निर्णय लिया गया कि गांव के बच्चे सरकारी स्कूलों में ही शिक्षा ग्रहण करेंगे.
गांव के स्कूल को अपग्रेड करने की अपील
वर्तमान में गांव की लड़कियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरी जगह जाना पड़ता है. इसी कारण अब ग्रामीणों ने पंचायत में फैसला लिया कि वह गांव के स्कूल को ही अपग्रेड करवाने के लिए मुख्यमंत्री सैनी से अपील करेंगे. प्राइवेट स्कूल में महंगी फीस और किताबों के खर्चे से परेशान ग्रामीणों ने अब यह फैसला लिया है कि सरपंच, पंच और गांव के सभी बच्चे गांव के सरकारी स्कूलों में ही शिक्षा ग्रहण करेंगे. इसके लिए सरकारी स्कूल और पंचायत द्वारा मिलकर प्रवेश उत्सव मनाया गया और विद्यार्थियों द्वारा रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया गया.
सभी पढ़ेंगे सरकारी स्कूल में
इस दौरान सरपंच अमनदीप सैनी ने जानकारी दी की सरकारी स्कूलों में बच्चों को प्राइवेट स्कूलों जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं. साफ-सफाई से लेकर उच्च गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा भी विद्यार्थियों को दी जा रही है.
इसी कारण ग्रामीणों ने फैसला लिया है कि गांव में प्राइवेट स्कूलों की नो एंट्री होगी और सरपंच से लेकर पंच तक के बच्चे भी सरकारी स्कूल में ही शिक्षा प्राप्त करेंगे. वहीं जो बच्चे प्राइवेट स्कूलों से हटकर आए हैं, उन्हें भी सरकारी स्कूलों में ही शिक्षा दी जाएगी.
