कैथल | हरियाणा में लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार बनाने पर सूबे की जनता का आभार व्यक्त करने के लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों के दौरे पर हैं. इसी कड़ी में सोमवार को सीएम कैथल की पिहोवा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित धन्यवाद रैली में पहुंचे. रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों में हमनें पिहोवा विधानसभा क्षेत्र में 1057 करोड़ रूपए के विकास कार्य करवाए हैं.
एक समान विकास हमारी सोच
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पिहोवा में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार की सोच है. सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास रहे व सबके प्रयास से प्रदेश मजबूती से आगे बढ़े. उन्होंने कहा कि हरियाणा एक- हरियाणवी एक की सोच से समस्त प्रदेश का विकास हो रहा है. यह हमारी सरकार का मूल मंत्र है. इसको लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं, ताकि प्रदेश का चहुंमुखी विकास किया जा सकें.
4 परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास
धन्यवाद रैली में पिहोवा पहुंचे सीएम नायब सैनी ने 28.62 करोड़ रूपए की 4 परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया. इनमें प्राचीन सरस्वती नहर पुल, किसान सेवा सदन और 50 बिस्तर के अस्पताल का उद्घाटन किया गया. इन पर 26 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत आई है.
मुख्यमंत्री श्री @NayabSainiBJP ने आज पिहोवा क्षेत्र के अंदर 28 करोड़ 62 लाख रुपए की लागत से चार परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। इनमें प्राचीन सरस्वती नहर पुल, किसान सेवा सदन और 50 बिस्तर के अस्पताल का उद्घाटन किया गया। इन पर 26 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत आई है। pic.twitter.com/GMRpEuSk7O
— DPR Haryana (@DiprHaryana) December 23, 2024
विपक्ष पर साधा निशाना
पिहोवा में आयोजित धन्यवाद रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कांग्रेस पर जोरदार निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपनी हार के लिए बार- बार EVM का राग अलाप रही है, जबकि सच्चाई यह है कि प्रदेश की जनता ने बीजेपी सरकार की नीतियों पर विश्वास जताते हुए लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का काम किया है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी झूठ फैलाते थे कि मोदी सरकार बनी तो संविधान बदल जाएगा मगर जनता ने जवाब दिया और मोदी को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाया.
