कैथल प्रशासन ने यात्रियों को ठंड से बचाने के लिए किया बढ़िया प्रबंध, कंडम बसों को बना डाला रैन बसेरा

कैथल | हरियाणा के कैथल जिला प्रशासन ने यात्रियों के लिए बस अड्डे पर रैन बसेरे बना दिए. जो बसें कंडम घोषित की जा चुकी है, उनकी सीटों को हटवा कर 10 बिस्तर लगा दिए गए हैं. इस बस पर रैन बसेरे का बैनर भी लगा दिया गया है. इस बस को बस अड्डा परिसर के अंदर खड़ा कर दिया गया है. ऐसा इसलिए कि यदि किसी यात्री को रात में बस स्टैंड पर ठहरना पड़े तो उसे रेन बसेरे के लिए 4 से 5 किलोमीटर दूर न जाना पड़े.

Haryana Roadways Bus

यात्रियों को मिलेंगी बिस्तर व रजाई

वर्तमान में रैन बसेरे के लिए सरटा रोड पर महर्षि वाल्मीकि सामुदायिक केंद्र में नगर निगम परिषद द्वारा तीन मंजिला भवन निर्धारित किया गया है. लेकिन यह स्थान बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन से कई किलोमीटर दूर है, जिस कारण लोगों को जरूरत पड़ने पर काफी दूर तक जाना पड़ता है. इसी लिए यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बस स्टैंड परिसर में एक कंडम बस को रेन बसेरे के रूप में तब्दील किया गया है. इसमें बिस्तर, रजाई और बाकी सुविधाओं का भी इंतजाम कर दिया गया है.

ऑटो स्टैंड के पास खड़ी है ये बस

बस स्टैंड परिसर में यह रैन बसेरा रूपी बस ऑटो स्टैंड के पास ही खड़ी है. जो यात्री किसी कारणवश बस स्टैंड पर रुकने को मजबूर हैं. वह इस रैन बसेरे में अपनी रात बिता सकते हैं. यहाँ कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगा दी गई है. इस विषय में जानकारी देते हुए रोडवेज महाप्रबंधक कमलजीत चहल ने बताया कि डीसी प्रीति के निर्देशों पर रोडवेज के सहयोग से एक कंडम बस को अस्थाई रैन बसेरे के रूप में बस अड्डा परिसर में खड़ा किया गया है. जरूरतमंद यात्री यहाँ पर अपनी रात बिता सकते हैं.

DC ने दिए ये निर्देश

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सोमवार रात को डीसी प्रीति के मार्गदर्शन में एसडीएम कैथल, अजय सिंह ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अनाज मंडी और लेबर चौक का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने जरूरतमंदर लोगों को रेड क्रॉस सोसाइटी की तरफ से कंबल भी बांटे. उन्होंने बस स्टैंड पर अस्थाई तौर पर रैन बसेरे बनाने के निर्देश दिए ताकि रात के समय किसी भी यात्री को ठंड से कोई परेशानी ना हो. उन्होंने नगर परिषद EO कुलदीप मलिक को बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर रैन बसेरों के बारे में आवश्यक सूचना फ्लेक्स के माध्यम से लगाए जाने के निर्देश दिए.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts