महिला दिवस पर पढ़ें कहानी कैथल की पूजा मजदूरी छोड़ नेट फार्मिंग से आज कमा रही लाखों, कभी लोगों ने दिए थे ताने

कैथल | हरियाणा के कैथल जिले के गांव कलासर की महिला किसान पूजा आर्या 4 एकड़ जमीन पर नेट फार्मिंग के जरिए खेती कर सालाना 25 से 35 लाख रुपए की आमदनी कर रही हैं. पूजा ने न केवल अपने परिवार को आर्थिक रूप से सशक्त किया, बल्कि आसपास की महिलाओं के लिए भी एक उदाहरण पेश किया है. एक समय ऐसा था जब उनका परिवार दिहाड़ी- मजदूरी करके अपना गुजर- बसर कर रहा था, लेकिन आज अपनी लगन और मेहनत के बल पर उन्होंने खुद को और अपने परिवार को मजबूत बना लिया है.

Kaithal Puja

साल 2019 में की थी नेट फार्मिंग की शुरुआत

साल 2019 में उन्होंने मजदूरी छोड़ नेट फार्मिंग शुरू की थी. परिवार की आर्थिक स्थिति काफी खराब थी, यहां तक कि उनका बैंक खाता भी नहीं था. उनके पति ने उन्हें महिलाओं के लिए दिए जा रहे नेट फार्मिंग के मुफ्त प्रशिक्षण की जानकारी दी, तो उन्होंने कैथल जाकर यह ट्रेनिंग करने की ठानी. जब वह ट्रेनिंग के लिए शहर जाती थीं, तो लोग तरह- तरह के ताने देते थे. लोग कहते थे कि 12वीं पास लड़की क्या डॉक्टर या साइंटिस्ट बनने के सपने देख रही है? लेकिन आज वही लोग जब उनकी सफलता देखते हैं, तो उनकी तारीफ करते हैं.

1 नेट हाउस से की थी शुरुआत

पूजा बताती हैं कि शुरुआत में आर्थिक तंगी के कारण उन्होंने सिर्फ एक नेट हाउस लगाया था, लेकिन आज उनके पास 3 नेट हाउस हैं, जिससे वह अच्छी कमाई कर रही हैं. उनके नेट हाउस में तैयार किया गया खीरा हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और आसपास की मंडियों में बिकने के लिए जाता है. इसके लिए वह फोन पर ही आढ़तियों से बात करती हैं और फसल को मंडियों में भेज देती हैं. आढ़ती उनके खाते में ऑनलाइन पेमेंट भी कर देते हैं.

कई बार हो चुकी हैं सम्मानित

वह बताती हैं कि कृषि क्षेत्र में इस सफलता के लिए उन्हें राज्यपाल, मुख्यमंत्री और जिला स्तर पर कई बार सम्मान मिल चुका है. वह कहती हैं कि महिलाएं भी अपने परिवार को सशक्त बना सकती हैं, लेकिन उन्हें खुद को कामयाब बनाने के लिए लगातार प्रयास जारी रखना चाहिए. उनके दो बेटे हैं, जिनमें से एक तीसरी और दूसरा दूसरी कक्षा में पढ़ता है. बच्चों के लिए वह खुद खाना बना देती हैं. उसके बाद, खेतों में काम करने चली जाती हैं.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts