नारनौल से गुजरने वाली 8 ट्रेनें एक महीने तक रद्द, इंटरलॉकिंग के चलते फैसला; जानें नई टाइमिंग और रूट

महेंद्रगढ़ | हरियाणा के नारनौल के रेल यात्रियों को अगस्त में कुछ परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि रेवाड़ी- नारनौल के बीच इंटरलॉकिंग का काम शुरू किया जाएगा. इसके कारण रेलवे द्वारा 8 ट्रेनों को एक महीने के लिए रद्द कर दिया गया है. वहीं, कुछ के रूट में भी चेंज किया गया है. 1 अगस्त से यह कार्य शुरू होगा, जिसके चलते इस रूट पर ट्रेन सेवाओं पर प्रभाव पड़ना तय माना जा रहा है.

Railway Station

27 अगस्त तक बंद रहेंगी कई ट्रेन सेवाएं

रेलवे द्वारा लिए गए निर्णय के तहत अगस्त महीने में कई ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद्द किया गया है. गाड़ी संख्या 19619 फुलेरा से रेवाड़ी जाने वाली एक्सप्रेस 1 अगस्त से लेकर 27 अगस्त तक नहीं चलेगी. वहीं, रेवाड़ी से फुलेरा जाने वाली गाड़ी संख्या 19622, 2 अगस्त से 28 अगस्त तक और भिवानी से ढहर का बालाजी के लिए चलने वाली गाड़ी संख्या 14705, 20 से 27 अगस्त तक नहीं चलेगी. इसी तरह 14706 ढहर का बालाजी- जयपुर से भिवानी एक्सप्रेस भी 20 से 27 अगस्त तक संचालन में नहीं रहेगी.

रद्द की गई यह ट्रेनें

गाड़ी संख्या 19620 रेवाड़ी से फुलेरा जाने वाली ट्रेन और 19621 फुलेरा से रेवाड़ी एक्सप्रेस, दोनों 20 अगस्त से 27 अगस्त तक कुल 8 ट्रिप के लिए रद्द की गई हैं. इसी तरह मदार से रेवाड़ी चलने वाली गाड़ी संख्या 19617 और इसके वापसी मार्ग की ट्रेन 19618 भी 20 से 27 अगस्त के बीच संचालन में नहीं रहेंगी.

इन ट्रेनों के बदले गए मार्ग

कुछ ट्रेनों के मार्गों में भी बदलाव किया गया है. गाड़ी संख्या 14087 दिल्ली से जैसलमेर जाने वाली ट्रेन अब 1 अगस्त से 27 अगस्त तक अपने तयशुदा रूट रेवाड़ी- रिंगस- फुलेरा की जगह रेवाड़ी- अलवर- जयपुर- फुलेरा मार्ग से चलेगी. वहीं, 14088 फुलेरा से दिल्ली की ओर लौटने वाली यह ट्रेन भी रिंगस के बजाय अब जयपुर और अलवर होते हुए रेवाड़ी पहुंचेगी.

यह ट्रेनें भी रहेंगी प्रभावित

ट्रेन संख्या 14087/ 14088 रुणिचा एक्सप्रेस और 22452 चंडीगढ़- बांद्रा टर्मिनल एक्सप्रेस को भी नए मार्ग से चलाने का फैसला लिया गया है. ये ट्रेनें 3, 6, 10, 13, 17, 20 और 27 अगस्त को चंडीगढ़ से निकलकर रेवाड़ी- रिंगस- फुलेरा की जगह रेवाड़ी- अलवर- जयपुर होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी.

यह होगा शेड्यूल

रेलवे की ओर से कुछ ट्रेनों को नियमित रूप से चलाने का निर्णय लिया गया है. गाड़ी संख्या 09633 रेवाड़ी- रिंगस- रेवाड़ी स्पेशल ट्रेन 1, 2, 4, 8, 9, 14, 15 और 16 अगस्त को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चलेगी. यह ट्रेन रात 10:50 बजे रेवाड़ी से चलकर नारनौल में 11:39 बजे पहुंचेगी और रिंगस में रात 1:35 बजे अपनी यात्रा पूरी करेगी.

ट्रेन संख्या 09634 रिंगस- रेवाड़ी- रिंगस स्पेशल रेल सेवा 2, 3, 5, 9, 10, 15, 16 और 17 अगस्त को चलेगी. यह ट्रेन रिंगस से सुबह 2:20 बजे रवाना होकर नारनौल सुबह 3:55 बजे पहुंचेगी और फिर रेवाड़ी की ओर आगे बढ़ेगी.

जयपुर- भिवानी के बीच चलेगी विशेष ट्रेन

स्पेशल ट्रेन सेवा संख्या 09733 जयपुर से भिवानी के लिए 2, 3, 5, 9, 10, 15, 16 और 17 अगस्त को सुबह 7 बजे जयपुर से रवाना होगी. यह ट्रेन सुबह 8:15 बजे रिंगस पहुंचेगी और नारनौल में सुबह 10:15 बजे यात्रियों को उतारेगी. इसी तरह गाड़ी संख्या 09734 भिवानी से शाम 4:05 बजे प्रस्थान करेगी, जो शाम 6:15 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी. इसके बाद, यह ट्रेन नारनौल में शाम 7:19 बजे और रिंगस में रात 9:10 बजे अपना सफर पूरा करेगी.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts