दिल्ली- NCR से ट्रैफिक जाम की जकड़न दूर करेंगें यह 5 बड़े प्रोजेक्ट्स, 2025 में सरपट दौड़ेंगे वाहन

नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में ट्रैफिक संचालन निर्बाध गति से जारी रहें, इसके लिए कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है. इनमें से कुछ प्रोजेक्ट्स का निर्माण कार्य अंतिम दौर में पहुंच चुका है और कुछ का काम तेज गति से आगे बढ़ रहा है. इन प्रोजेक्ट्स के पूरे होने पर लोगों के सफर की राह आसान हो जाएगी. साल 2025 में दिल्ली को 5 ऐसे प्रोजेक्ट्स की सौगात मिलने जा रही है, जो सफर का नया अध्याय लिखेंगे.

Highway Road 1

यमुनापार से दक्षिणी दिल्ली का सफर होगा आसान

यमुनापार से दक्षिणी दिल्ली तक आवागमन आसान बनाने के लिए बारापूला फेज-तीन का काम साल, 2014 में शुरू हुआ था लेकिन कई बार समय-सीमा बढ़ने के बाद इसे मार्च, 2023 में पूरा करना था. लेकिन अभी तक काम पूरा नहीं हो पाया है. हालांकि इस प्रोजेक्ट का 70% निर्माण कार्य पूरा हो चुका है लेकिन अभी भी 270 पेड़ प्रोजेक्ट में बाधा बने हुए हैं. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर यमुनापार के मयूर विहार से जवाहरलाल नेहरू होकर आईएनए तक का सफर सिग्नल फ्री हो जाएगा. इसका सबसे बड़ा फायदा नोएडा और गाजियाबाद के लिए सफर करने वालों को मिलेगा.

दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेस-वे से जुड़ेगा DND

59 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेस-वे DND फ्लाईओवर से शुरू होकर कालिंदी कुंज, फरीदाबाद होते हुए सोहना में KMP एक्सप्रेसवे से जुड़ रहा है और यहीं पर दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेस-वे से जुड़ेगा. इस एक्सप्रेस-वे को तीन चरणों में तैयार किया जा रहा है.

फरीदाबाद में सेक्टर-65 से सोहना तक के 26 किलोमीटर हिस्से को पिछले साल ही वाहनों के लिए खोल दिया गया था और अब सेक्टर-65 से दिल्ली में मीठापुर तक के 24 किलोमीटर हिस्से पर भी वाहनों का आवागमन शुरू हो चुका है. वहीं, DND से मीठापुर तक 9 किलोमीटर लंबे हिस्से का निर्माण कार्य चल रहा है और जून, 2025 में इसका निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद है. इस प्रोजेक्ट की बदौलत दक्षिणी दिल्ली में ट्रैफिक का आवागमन आसान हो जाएगा.

गगन सिनेमा की टूटेगी जाम की जकड़न

उत्तर-पूर्वी दिल्ली में नंद नगरी से गगन सिनेमा के बीच बन रहे फ्लाईओवर का निर्माण कार्य 95 फीसदी पूरा हो चुका है. यह सड़क दिल्ली को गाजियाबाद से जोड़ती है. इस प्रोजेक्ट के शेष निर्माण कार्य में भी पेड़ बाधा बने हुए हैं. इस फ्लाईओवर निर्माण का काम पूरा होने पर यूपी के गाजियाबाद (भोपुरा बॉर्डर) से आने वाले ट्रैफिक जो सिग्नेचर ब्रिज की तरफ जाते हैं, उनका सफर सुगम हो जाएगा.

यह भी पढ़े -  खुशखबरी: दिल्ली से रोहतक के बीच आवागमन करेगी DTC की इलेक्ट्रिक AC बसें, फटाफट देखें रूट

मंगल पांडे मार्ग पर नंद नगरी से गगन सिनेमा तक बनने वाले इस फ्लाईओवर के शुरू होने पर घौंडा, मुस्तफाबाद, गोकलपुर, नंद नगरी, करावल नगर के अलावा आस-पास की दर्जनों घनी आबादी वाली कॉलोनियों को फायदा पहुंचेगा. साल, 2025 में इसका निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा.

IGI एयरपोर्ट के लिए रफ्तार भरेंगे वाहन

दिल्ली के अलीपुर से नजफगढ़ होते हुए IGI एयरपोर्ट तक की दूरी मात्र 20 मिनट में पूरी हो सकेगी. निर्माणधीन UER-2 का काम आखिरी दौर में पहुंच चुका है. 75 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण कार्य 5 पैकेज में पूरा किया जा रहा है. इसमें से चार पैकेज का निर्माण कार्य 90% पूरा हो चुका है जबकि एक पैकेज का निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहा है. 2025 में इस प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा.

सुल्तापुरी ROB से चलेगा ट्रैफिक

सुल्तानपुरी-नांगलोई रोड पर बनाए जा रहे रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का निर्माण कार्य साल, 2025 में पूरा हो जाएगा. इसके पूरा होने पर कार से लेकर बड़े वाहन चालकों के लिए न केवल सुल्तानपुरी से नांगलोई के बीच आवाजाही आसान होगी बल्कि सुल्तानपुरी, नांगलोई, किराड़ी, पूठकलां, रोहिणी सेक्टर-20, 21, 22, मंगोलपुरी के अलावा कई अन्य इलाकों के लोगों को रोहतक रोड तक पहुंचना बेहद आसान हो जाएगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.