हरियाणा के इन शहरों में दौड़ेगी PM इलेक्ट्रिक बसें, देशभर में 10 हजार बसें चलाने की योजना

नई दिल्ली | हरियाणा सहित देशभर में पीएम E बस योजना की शुरुआत को अमलीजामा पहनाने की तैयारियां शुरू हो गई है. शहरी परिवहन के लिए बड़ी और प्रभावशाली मानी जा रही इस योजना को हाल में ही केन्द्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में मंजूरी दी गई थी. 20 से 40 लाख आबादी वाले शहरों में कोच्चि, कोझिकोड, नागपुर और कोयबंटूर भी हैं, जहां इस बस सेवा की शुरुआत की जाएगी.

electronic bus 2

वहीं, जयपुर, गाजियाबाद, नोएडा, फरीदाबाद, कानपुर, लखनऊ, पटना और इंदौर उन 169 शहरों में शामिल हैं, जिन्हें अगले 6 महीने के भीतर शुरू की जा रही पीएम E- बस सेवा के लिए चुना गया है.

PPP मॉडल में खरीदी जाएगी 10 हजार बसें

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप पुरी ने इस योजना को क्रांतिकारी कदम बताते हुए कहा कि पीपीपी मॉडल में 10 हजार बसें खरीदी जाएंगी और इन पर केन्द्र सरकार 20 हजार करोड़ रूपए खर्च करेगी. ये वातानुकूलित बसें लोगों को मेट्रो में सफर जैसा अनुभव प्रदान करेंगी. मंत्रालय ने इससे संबंधित दिशा- निर्देश जारी किए हैं, जिनमें 3 श्रेणियों में वे शहर हैं जिन्हें इस योजना के लिए चुना गया है.

3 श्रेणियों में चलेगी बसें

पहली श्रेणी में 20 से 40 लाख आबादी वाले शहर तो दूसरी श्रेणी में 10 से 20 लाख जबकि तीसरी श्रेणी में 5 से 10 लाख आबादी वाले शहर शामिल होंगे. दूसरी श्रेणी में जिन शहरों को शामिल किया गया है, उनमें चंडीगढ़, रायपुर, फरीदाबाद, श्रीनगर, धनबाद, जमशेदपुर, रांची, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, अमृतसर, लुधियाना, जोधपुर, कोटा, आगरा, प्रयागराज, मेरठ, वाराणसी, गुरुग्राम, जम्मू, बोकारो स्टील सिटी, उज्जैन, भुवनेश्वर, कटक, राउरकेला, जालंधर, अजमेर, बीकानेर, अलीगढ़, बरेली, फिरोजाबाद, गोरखपुर, झांसी, मुरादाबाद और नोएडा होंगे.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा विस्तार, 766 नए संस्थानों को मिली मंजूरी

इन शहरों का हुआ चुनाव

इस योजना में उन शहरों को खासतौर पर जगह दी गई है जिनमें संस्थागत सार्वजनिक परिवहन की सुविधा नहीं है. इस लिस्ट में 5 लाख से कम आबादी वाले शहरों की संख्या का आंकड़ा काफी बड़ा है. इस योजना में ऐसे 76 शहरों को शामिल किया गया है, जहां की जनता सार्वजनिक परिवहन के उपयुक्त ढांचे से वंचित हैं.

इनमें बिहार के भागलपुर, दरभंगा, गया, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, छत्तीसगढ़ के बिलासपुर और कोरबा, हरियाणा के हिसार, करनाल, पानीपत, रोहतक, यमुनानगर, मध्य प्रदेश का सागर, ओडिशा का ब्रह्मपुर टाउन और पंजाब का पटियाला शहर शामिल हैं.

इसके अलावा, उत्तर प्रदेश का मथुरा, मुजफ्फरनगर, रामपुर, शाहजहांपुर, उत्तराखंड के हरिद्वार और बंगाल के शहर बहरामपुर, बर्धमान, भाटपारा, हावड़ा, कमरहटी, पानीहटी, राजारघाट गोपालपुर और हिमाचल की राजधानी शिमला शामिल हैं.

हरियाणा के इन शहरों को मिली जगह

पीएम E बस योजना के तहत, हरियाणा के जिन शहरों को शामिल किया गया है उनमें फरीदाबाद, चंडीगढ़, गुरुग्राम, हिसार, करनाल, पानीपत, रोहतक और यमुनानगर है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.