NCR के 4 शहरों के लिए खुशखबरी, ट्रेन पकड़ने के लिए दिल्ली की भागदौड़ से मिलेगा छुटकारा; घर के पास मिलेगी सुविधा

नई दिल्ली | केंद्र की मोदी सरकार अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में सैकड़ों रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प कर रही है. आधुनिक सुविधाओं के साथ उन्हें पुनर्विकसित किया जा रहा है. इसी कड़ी में दिल्ली- NCR के 4 स्टेशनों पर भी तेजी से काम चल रहा है. इन स्टेशनों पर काम पूरा होने के बाद गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और गाजियाबाद के लोगों को ट्रेन पकड़ने के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन तक भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी, बल्कि उन्हें घर के नजदीक से ही ट्रेन मिल सकेगी.

Railway Station

आधुनिक सुविधाओं का मिलेगा लाभ

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत, जिन स्टेशनों को पुनर्विकसित किया जा रहा है, वहां यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा. इन स्टेशनों पर वातानुकूलित विश्राम गृह, सीसीटीवी कैमरे, साफ- सुथरे शौचालय, पीने का साफ व ठंडा पानी, महिलाओं के लिए अलग से वेटिंग रूम, फूड कोर्ट, ट्रेनों की सूचना के लिए एलईडी डिस्प्ले, रूफ प्लाजा, इंटर मॉडल कनेक्टिविटी, बच्चों के खेलने का स्‍थान, लिफ्ट जैसी सुविधाएं मिलेंगी. इन्हें पर्यावरण और दिव्यांगों के अनुकूल बनाया जा रहा है.

गाजियाबाद स्टेशन

नई दिल्ली के बाद NCR का दूसरा सबसे बड़ा स्टेशन गाजियाबाद का होगा. दिल्ली- हावड़ा रेलवे लाइन पर पड़ने वाले इस स्टेशन से रोजाना 400 ट्रेनों की आवाजाही रहती है और 200 के आसपास ठहराव करती है. इस स्टेशन के पुनर्विकसित होने से गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा सहित आसपास के क्षेत्र के लोगों को ट्रेन पकड़ने के लिए लगभग 40 किलोमीटर दूर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर नहीं जाना पड़ेगा. स्टेशन विकसित होने पर इसी जगह पर ज्यादा ट्रेनें ठहराव करेगी तो यात्रियों को सुविधा मिलेगी.

यह भी पढ़े -  शाहदरा CBD में जजों के लिए आधुनिक हाउसिंग प्रोजेक्ट, दिल्ली सरकार की बड़ी योजना

फरीदाबाद स्टेशन

फरीदाबाद रेलवे स्टेशन को एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है. इस स्टेशन को मल्टी- मॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित किया जाएगा. फरीदाबाद रेलवे स्टेशन और ओल्ड फरीदाबाद मेट्रो स्टेशन के बीच 500 मीटर लंबा ट्रैवेलेटर (स्वचालित पैदल पथ) बनाया जाएगा, जिससे यात्रियों को स्टेशन के बीच आवागमन करना बेहद आसान हो जाएगा.

दिल्ली कैंट और बिजवासन

दिल्ली कैंट और बिजवासन रेलवे स्टेशन को भी पुनर्विकसित करने का काम तेजी से चल रहा है. गुरुग्राम और आसपास के क्षेत्र के लोग ट्रेन पकड़ने के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने की बजाय दिल्ली कैंट या बिजवासन स्टेशन से ट्रेन पकड़ सकेंगे. दोनों स्टेशनों के पुनर्विकसित होने से यहां लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव बढ़ेगा, तो यात्रियों को फायदा पहुंचेगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.