नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में स्वास्थ्य सेवाओं का बुनियादी ढांचा मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में सीएम रेखा गुप्ता ने मंगलवार को शक्ति नगर से अलग- अलग जिलों में 70 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का शुभारंभ किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों को बेहतर और गुणवतापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना हमारी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है.
चिकित्सा सुविधा होगी बेहतर
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि इन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में नियमित स्वास्थ्य जांच, डॉक्टर परामर्श, आवश्यक दवाइयां, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, प्रिवेंटिव हेल्थकेयर, सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग और टीकाकरण जैसी सुविधाएं बिल्कुल निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी ताकि आमजन को बेहतर इलाज मिल सके.
उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना, जन औषधि केंद्र, वय वंदना योजना और आयुष्मान आरोग्य मंदिर मिलकर दिल्ली में एक ऐसी स्वास्थ्य प्रणाली का निर्माण कर रहे हैं, जहां बेहतर इलाज हर किसी का अधिकार है. दवाइयां किफायती हैं और आधुनिक सुविधाएं हर नागरिक की पहुंच में हैं.
प्राइमरी अस्पताल की तर्ज पर मिलेगी सुविधा
पूर्व की आम आदमी पार्टी की सरकार के मोहल्ला क्लीनिक मॉडल पर सवाल खड़े करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि बस बड़े हॉल या सड़कों के किनारे प्रोपेगैंडा पोस्टर लगाए, जिन पर उनकी बड़ी तस्वीरें लगी थीं. उन बड़ी तस्वीरों के पीछे बहुत कम काम था. कितने लोग इन क्लीनिक में गए और उन्होंने क्या देखा. दवाईयां और डाक्टर से लेकर स्टॉफ यहां हर चीज की कमी थी, लेकिन आप आरोग्य मंदिरों के अंदर कदम रखें और खुद देखें. हर एक आरोग्य मंदिर आपके प्राइमरी अस्पताल की तर्ज पर काम कर रहा है, जहां लोगों को मुफ्त में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही है.
