नई दिल्ली | देश भर के जो भी युवा दिल्ली पुलिस (Delhi Police) में शामिल होना चाहते हैं उनके लिए एक बड़ी खुशखबरी है. बता दें कि दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिस जारी हो चुका है. दिल्ली पुलिस में पुरुष और महिला कांस्टेबल के पदों को भरा जाएगा. दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल के 7565 पदों पर भर्ती के लिए कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की तरफ से सोमवार को विस्तृत विज्ञापन जारी किया गया है.
न्यूनतम योग्यता रहेगी 12वीं पास
ऑनलाइन आवेदन भी शुरू हो चुके है. इन पदों के लिए न्यूनतम योग्यता बारहवीं पास होने वाली हैं. स्नातक एवं परास्नातक पास अभ्यर्थियों को 5 से 2 फीसदी तक अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे. संभावना है कि कर्मचारी चयन आयोग की तरफ से दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल भर्ती के लिए वस्तुनिष्ठ आधारित परीक्षा दिसंबर या फिर जनवरी में आयोजित की जाए. उम्मीदवारों का चयन वस्तुनिष्ठ आधारित परीक्षा तथा फिजिकल टेस्ट के आधार पर किया जाएगा.
परीक्षा में पूछे जाएंगे 100 सवाल
लिखित परीक्षा भी ऑनलाइन माध्यम से आयोजित की जाएगी. परीक्षा में 100 अंक के 100 प्रश्न आएंगे. इनमें 1- 1 अंक के सामान्य अध्ययन के 50, बुद्धि परीक्षण के 25, गणित के 15 तथा कम्प्यूटर ज्ञान पर आधारित 10 सवाल पूछे जांएगे. परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग का भी प्रावधान है. गलत उत्तर देने पर 0.25 अंक काट लिए जाएंगे.
21 अक्टूबर तक करें ऑनलाइन आवेदन
पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो चुके हैं तथा सभी उम्मीदवार 21 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर पायेंगे. यदि फार्म भरने में कोई गलती हुई है, तो 29 से 31 अक्तूबर के बीच सुधार का भी मौका दिया जाएगा. इस बीच आप अपने फार्म में करेक्शन कर सकते हैं.
