नवरात्रि पर मोदी सरकार ने दी बड़ी खुशखबरी, लाखों महिलाओं को फ्री मिलेगा LPG कनेक्शन

नई दिल्ली | नवरात्रि के शुभ अवसर पर केंद्र की मोदी सरकार ने महिलाओं को बड़ी सौगात देते हुए उज्जवला योजना के विस्तार का ऐलान कर दिया है. महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025- 26 के लिए प्रधानमंत्री उज्जवला योजना (PMUY) के तहत 25 लाख नए LPG कनेक्शन जारी करने को मंजूरी प्रदान कर दी है.

LPG Cylinder

महिलाओं के प्रति सम्मान की प्रतिबद्धता

केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि नवरात्र के शुभ अवसर पर उज्जवला योजना के तहत 25 लाख नए जमा- मुक्त रसोई गैस कनेक्शन प्रदान करने का फैसला, पीएम नरेंद्र मोदी की महिलाओं के प्रति देवी दुर्गा के समान सम्मान की प्रतिबद्धता को दर्शाता है. यह कदम माताओं और बहनों के सम्मान और सशक्तिकरण के हमारे संकल्प को और ज्यादा मजबूत करता है.

हरदीप पुरी ने बताया कि उज्जवला योजना के तहत इन नए 25 लाख कनेक्शन के साथ देशभर में उज्जवला परिवार के सदस्यों की संख्या का आंकड़ा बढ़कर 10.60 करोड़ हो जाएगा. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उज्जवला योजना सिर्फ एक योजना नहीं बल्कि देश में बहुत बड़ी क्रांति की मशाल बनी है, जिसकी लौ देश के कोने- कोने में, सुदूर क्षेत्रों में भी पहुंची है.

यह भी पढ़े -  दिल्ली- NCR की इन सड़कों पर दुर्घटना में तुरंत मिलेगी मदद, NHAI स्थापित करेगा VIDS

नवरात्रि में महिलाओं को मुफ्त मिलेगा सिलेंडर

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार प्रत्येक LPG कनेक्शन पर 2,050 रुपए खर्च करेगी, ताकि लाभार्थियों को मुफ्त एलपीजी सिलेंडर के साथ गैस चूल्हा और रेगुलेटर आदि चीजें भी फ्री मिल सके. केंद्रीय मंत्री ने बताया कि वर्तमान में हमारी सरकार 300 रुपए की सब्सिडी के साथ 10 करोड़ से ज्यादा उज्जवला परिवारों को मात्र 533 रुपए में गैस सिलेंडर उपलब्ध करवा रही हैं. ये कीमत दुनियाभर के एलपीजी उत्पादक देशों से भी कम है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.