नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ के बीच सफर करने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि आपका यह सफर पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा तेज और आरामदायक होने जा रहा है क्योंकि बहुत जल्द दिल्ली- अमृतसर- कटरा नया एक्सप्रेसवे शुरू होने वाला है. अब तक दिल्ली से चंडीगढ़ की दूरी तय करने में जहां 5 से 6 घंटे का समय लग रहा है लेकिन यह नया एक्सप्रेसवे शुरू होने पर समय घटकर मात्र 2 घंटे रह जाएगा. मिली जानकारी के अनुसार, इस एक्सप्रेसवे के ज्यादातर हिस्से पर अगले साल मार्च महीने से वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी.

यह रहेगा रूट
नए रूट के मुताबिक, दिल्ली से चंडीगढ़ जाने वाले यात्री सबसे पहले द्वारका एक्सप्रेसवे पर जाएंगे. फिर अर्बन एक्सटेंशन रोड और कुंडली- मानेसर- पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे से होते हुए दिल्ली- अमृतसर- कटरा एक्सप्रेसवे पर पहुंचेंगे. इसके बाद ट्रांस- हरियाणा एक्सप्रेसवे के जरिए अंबाला होते हुए चंडीगढ़ तक सफर पूरा किया जाएगा, जिससे यात्रा और तेज और आसान हो जाएगी.
इस नए एक्सप्रेसवे की बदौलत दिल्ली से चंडीगढ़ ही नहीं बल्कि पंजाब और जम्मू- कश्मीर तक पहुंच तेज और आसान हो जाएगी. इस परियोजना के पूरा होने पर दिल्ली से अमृतसर सिर्फ 4 घंटे और श्री माता वैष्णोदेवी कटरा पहुंचने में 6 घंटे का समय लगेगा, यानि यात्रियों को तेज, आरामदायक और सुविधाजनक सफर का अनुभव मिलेगा.
38,905 करोड़ रुपए की परियोजना
दिल्ली- अमृतसर- कटरा एक्सप्रेसवे को इस हिसाब से डिजाइन किया गया है कि यहां गाडियां 120 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकेगी. इस परियोजना पर 38,905 करोड़ रुपए की धनराशि खर्च हो रही है. पिछले साल पंजाब और जम्मू- कश्मीर में आई बाढ़ के चलते निर्माण कार्य पर ब्रेक लगा था लेकिन अब निर्माण कार्य ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है. बहुत जल्द लोगों को एक शानदार चमचमाते एक्सप्रेसवे की सौगात मिलेगी जिससे लंबी दूरी की यात्रा काफी हद तक आरामदायक हो जाएगी.