नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में खुद के घर का सपना पूरा करने की योजना बना रहे लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. बता दें कि दिल्ली डेवलपमेंट ऑथोरिटी (DDA) 7 नवंबर को बेहद कम कीमत पर एक हाउसिंग स्कीम लॉन्च कर रहा है. इस योजना का उद्देश्य देश की राजधानी में आम आदमी के घर के सपने को साकार करना है.
DDA के एक अधिकारी ने बताया कि जन साधारण आवास योजना 2025 (Phase- 2) नाम की इस योजना में ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर फ्लैट्स बेचे जाएंगे यानि जो सबसे पहले फ्लैट्स के लिए आवेदन करेगा, उसे फ्लैट्स मिलने की संभावना सबसे ज्यादा मजबूत रहेगी.
यह रहेगी फ्लैट्स की कीमत
इस योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग यानि EWS और निम्न आय वर्ग (LIG) के लोगों को फ्लैट्स खरीदने का मौका मिलेगा. इन फ्लैट्स की कीमत 11.8 लाख रुपए से शुरू होकर 32.7 लाख रुपए तक है. इन फ्लैटों के लिए आवेदन करने की शुरुआत 7 नवंबर दोपहर 12 बजे से होगी और 18 साल या इससे ज्यादा उम्र का कोई भी ऐसा व्यक्ति इसके लिए आवेदन कर सकता है, जिसके पास दिल्ली में रहने के लिए जगह नहीं है. EWS फ्लैट्स के लिए आवेदन करने की शर्त वार्षिक आय 10 लाख रुपए से कम रहेगी.
इन जगहों पर फ्लैट्स
नरेला में EWS कैटगरी के 1,120 फ्लैट हैं और इनकी कीमत 11.8 लाख रुपये से 11.9 लाख रुपये तक है. रोहिणी के सेक्टर- 34 और 35 में 308 LIG फ्लैट हैं, जिनकी कीमत 14 लाख रुपये है. रामगढ़ कॉलोनी में LIG कैटगरी के 73 फ्लैट हैं. इनकी कीमत 13.1 लाख रुपये से लेकर साढ़े 14 लाख रुपये तक है. शिवाजी मार्ग में EWS फ्लैट की कीमत 25.2 लाख रुपये से 32.7 लाख रुपये तक रहेगी. EWS फ्लैट्स की बुकिंग के लिए 50 हजार रुपए और LIG फ्लैट्स के लिए 1 लाख रुपए अग्रिम राशि जमा करानी होगी.
