नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और NCR के लोगों को बहुत जल्द एक नए रास्ते का तोहफा मिलने जा रहा है. इससे लोगों का समय और पैसा दोनों की बचत होगी और उनका आवागमन बेहद आसान हो जाएगा. इस नए रास्ते की बदौलत दिल्ली बार्डर की दूरी मात्र 10 मिनट में पूरी होगी. दिल्ली- NCR के कई शहरों को इस नए रास्ते का फायदा मिलेगा. नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) द्वारा तैयार की जा रही इस सड़क का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है.
यह होगा नया रास्ता
अभी दिल्ली के लोगों को लोनी बार्डर, बागपत, मुजफ्फरनगर जाने के लिए पहले लोनी बॉर्डर जाना पड़ता है. अक्षरधाम से यहां तक आने में 30 मिनट से ज्यादा का समय लगता है. इसके बाद, आगे का सफर पूरा करने में भी समय लगता है. इस नए रास्ते की बदौलत मात्र 10 मिनट में दिल्ली बार्डर पहुंचा जा सकेगा.
दिल्ली से देहरादून तक वाया खेकड़ा, शामली, सहारनपुर होकर 212 किलोमीटर लंबा नया हाइवे तैयार हो रहा है. अक्षरधाम से ईपीई क्रॉसिंग (खेकड़ा) तक लगभग 32 किलोमीटर लंबे शुरुआती हिस्से का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है. इस हिस्से पर ट्रायल भी हो चुका है. थोड़ा- बहुत फिनिशिंग का काम बचा हुआ है.
मार्च 2025 थी डेडलाइन
NHAI के एक अधिकारी ने बताया कि अक्षरधाम से दिल्ली बार्डर तक इस हाइवे को मार्च में वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा, क्योंकि इसका निर्माण कार्य पूरा करने की डेडलाइन मार्च 2025 थी. ऐसे में निर्धारित समय पर इसे जनता को समर्पित कर दिया जाएगा. इस हिस्से को 18 किलोमीटर तक एलिवेटेड बनाया गया है. सिक्स लेन के साथ- साथ सिक्स लेन सर्विस रोड भी बनाई गई है.
इस हाइवे के शुरू होने पर दिल्ली से गाजियाबाद, लोनी, बागपत जाने वालों को काफी राहत मिलेगी. इसके अलावा, पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार, करावलनगर, यमुना पुश्ता की ओर जाने वालों को सुविधा मिलेगी. अक्षरधाम से एक्सप्रेसवे होकर सीधा जा सकेंगे.
