नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और हरियाणा के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है. बता दें कि राजधानी में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को ओर मजबूत करने के लिए दिल्ली- रोहतक के बीच DTC की नई इंटरस्टेट इलेक्ट्रिक बस सेवा की शुरुआत हो चुकी है. इस पहल से रोजाना यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को फायदा होगा.

दिल्ली सरकार की ओर से इस सेवा की शुरुआत 200 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर की गई, जो राजधानी क्लीन और मॉर्डन लुक देगी. इसी के साथ दिल्ली देश में सबसे अधिक इलेक्ट्रिक बसों वाला शहर बन गया है.
क्या होगा बस का रूट
दिल्ली से रोहतक जाने वाली यह बस प्रमुख जगहों जैसे आईएसबीटी कश्मीरी गेट, पीरागढ़ी चौक, टिकरी बॉर्डर, बहादुरगढ़, रोहद, सांपला से होती हुई रोहतक बस स्टैंड पर पहुंचेगी. इससे इन इलाकों को सीधा फायदा होगा. यह बस सेवा खासतौर पर उन यात्रियों के लिए फायदेमंद होगी, जो रोजाना नौकरी और काम के लिए दिल्ली- एनसीआर और हरियाणा के बीच सफर करते है.
इस सेवा को ट्रायल बेसिस पर शुरू किया गया है और इसे NCR राज्यों के बीच आपसी समझौते के तहत चलाया गया है.इससे पहले दिल्ली से सोनीपत, पानीपत, धारूहेड़ा, बड़ौत और गाजियाबाद के बीच इलेक्ट्रिक बसें चलाई जा रही है.
2026 तक 7 हजार का लक्ष्य
इस बस सेवा के शुरू होने से दिल्ली और रोहतक के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों का समय और खर्च दोनों बचेंगे. इसके साथ ही ट्रैफिक दबाव कम होगा, जिससे प्रदूषण कम होगा. सरकार का लक्ष्य दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन को पूरी तरह EV में परिवर्तित करना है. फिलहाल दिल्ली में EV बसों की संख्या 4500 से अधिक हो चुकी है और जल्द ही इसे 7 हजार तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है.