नई दिल्ली | केंद्र सरकार द्वारा किसानों को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है. इनमें से PM किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को साल भर में 2- 2 हजार रुपए की 3 किस्त जारी कर 6 हजार रुपए की आर्थिक मदद दी जाती है. यदि किसानों को इस योजना का लगातार लाभ चाहिए, तो उन्हें फार्मर रजिस्ट्री अवश्य करानी होगी.
शिविर का होगा आयोजन
केंद्र सरकार ने कृषि विभाग को फार्मर रजिस्ट्री कार्य में रफ्तार देने के लिए किसानों के दर पर जाने के निर्देश दिए हैं. इसके लिए रोस्टर बनाकर 24 अक्टूबर से पंचायतों में शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिसमें लेखपाल, कृषि विभाग के कर्मचारी, पंचायत सहायक, जनसेवा केंद्र संचालक व गन्ना विभाग के कर्मी शामिल रहेंगे. यदि किसी किसान की खतौनी में कोई दिक्कत है तो वह मौके पर ही सही की जायेगी.
क्या है फार्मर रजिस्ट्री?
केंद्र सरकार ने एग्रीस्टैक योजना के तहत किसानों को डिजिटल पहचान देने के लिए फार्मर रजिस्ट्री देने की योजना बनाई है. इसमें किसान, उसकी जमीन का विवरण, प्रत्येक कृषि भूखंड व उस पर बोई गई फसलों का विवरण डिजिटल रूप में संकलित किया जा रहा है. आधार कार्ड की तरह ईउनको 11 अंकों की एक यूनिक आईडी आवंटित की जा रही है.
इससे किसान डिजिटल रूप में अपनी पहचान प्रमाणित कर सकेंगे. फार्मर रजिस्ट्री किसानों की डिजिटल डायरी होगी. जिसके बाद अभिलेख लेकर किसानों को घूमने की जरूरत नहीं होगी और वे मोबाइल फोन के जरिए ही पूरा ब्योरा देख सकेगा.
योजनाओं का उठा सकेंगे लाभ
फार्मर रजिस्ट्री के जरिए भविष्य में किसान पीएम किसान सम्मान निधि योजना, KCC बनवाने, जमीन बेचने- खरीदने, जमीन नामांतरण कराने, लोन लेने, पीएम फसल बीमा योजना, पीएम सूर्यघर योजना, आयुष्मान योजना, डिजिटल वेरीफिकेशन व रिकार्ड अपडेशन आदि का लाभ उठा सकेंगे.
