नई दिल्ली | दिल्ली- NCR का बहुचर्चित सड़क मार्ग अर्बन एक्सटेंशन रोड- 2 (UER- 2) के निर्माण से राजधानी दिल्ली और एनसीआर में काफी हद तक ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिला है. दिल्ली के भीड़- भाड़ वाले इलाके जैसे रोहिणी, मुंडका, नजफगढ़ और द्वारका से होकर गुजरने वाले इस रिंग रोड से न केवल घंटों का सफर मिनटों में पूरा होने लगा है, बल्कि इस रोड के उद्घाटन का सबसे तगड़ा फायदा हरियाणा के एनसीआर क्षेत्र में शामिल एक शहर को पहुंचा है.
UER- 2 का रूट
76 किलोमीटर लंबी सिक्स लेन अर्बन एक्सटेंशन रोड- 2 (UER- 2) दिल्ली के अलीपुर में NH- 44 से शुरू होकर, रोहिणी, मुंडका, नजफगढ़ और द्वारका से गुजरते हुए महिपालपुर के पास दिल्ली- जयपुर हाइवे (NH- 48) पर पूरी होती है. यह द्वारका एक्सप्रेसवे से भी जुड़ती है और दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे को भी जोड़ती है. इस रोड की बदौलत दिल्ली से गुरुग्राम के बीच सफर काफी आसान हो गया है. लोगों को बड़े स्तर पर ट्रैफिक जाम से निजात मिल रही है. इस रोड के बनने से दिल्ली से दूर पानीपत में प्रोपर्टी की कीमत आसमान छू रही है.
प्रोपर्टी के भाव में खासी तेजी
रियल एस्टेट एक्सपर्ट हिमांशु कपूर ने बताया कि UER- 2 का फायदा सिर्फ दिल्ली, गुरुग्राम और द्वारका एक्सप्रेसवे के आसपास रहने वाले लोगों को ही नहीं, बल्कि इसके चलते सोनीपत, पानीपत, करनाल और कुरूक्षेत्र के अलावा हिमाचल प्रदेश और आगे जम्मू- कश्मीर का सफर करने वाले लोगों को भी मिल रहा है. उनकी यात्रा के समय में बचत होने लगी है. यही वजह है कि अब रेजिडेंस के लिए लोग सोनीपत, पानीपत और करनाल का रूख कर रहे हैं.
पिछले कुछ महीनों के भाव पर नजर डालें तो UER- 2 के उद्घाटन के बाद से ही इन शहरों में डेवलपर्स और निवेशक दोनों ने ही अवसर तलाशना शुरू कर दिया है. दिल्ली के सबसे नजदीक सोनीपत है लेकिन वहां पर प्रोपर्टी की कीमत आसमान छू रही है, तो लोगों ने पानीपत की तरफ रूख कर दिया है. यहां लोग इन्वेस्ट करने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं, जिसके चलते प्रोपर्टी के भाव राकेट की रफ्तार से बढ़ रहें हैं.
वर्तमान में प्लाट की कीमतें
हिमांशु कपूर ने बताया कि जीटी रोड पर स्थित पानीपत शहर में हाइवे के आसपास 100 वर्ग मीटर के प्लॉट की कीमत 1 से 2 करोड़ के बीच बनी हुई है. 60 लाख रुपए में करनाल में सड़क किनारे इतना बड़ा प्लाट मिल रहा है. धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में भी इसी कीमत के आसपास 100 वर्ग मीटर का प्लाट मिल रहा है.
