नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली घूमने आए लोग अगर शॉपिंग के शौकीन हैं, तो जनपथ मार्केट का नाम जरूर सुनते होंगे. कनॉट प्लेस से थोड़ी ही दूरी पर बना ये बाजार बैग पसंद करने वालों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है. जैसे ही आप अंदर जाएंगे, हर तरफ बैग ही बैग नजर आते हैं, जिसमें छोटे, बड़े, चमकदार, डिजाइनर और ट्रेंडी बैग्स शामिल है. यहां मोलभाव करने का मजा ही कुछ और है.
अगर आप थोड़ी चतुराई दिखाएं, तो 700 रुपए वाला बैग भी 300 में मिल सकता है. इसीलिए जनपथ सिर्फ खरीदारी की जगह नहीं, बल्कि दिल्ली की एक अलग पहचान बन चुका है, जहां फैशन, जेब और मस्ती तीनों है.
सुबह से रात तक भीड़
जनपथ का ये बैग बाजार सुबह 11 बजे से दरवाजे खोलता है और रात 10 बजे तक रौनक बनी रहती है. यहां आने वाला हर शख्स कुछ- न- कुछ खरीदकर ही लौटता है. इतनी भीड़ होती है कि कई बार दुकानदारों को सांस लेने की भी फुरसत नहीं मिलती.
500 रुपए में ब्रांडेड बैग
इस बाजार की सबसे बड़ी खासियत है कि यहां सस्ता सौदा हो जाता है, जो बैग बड़े- बड़े शोरूम या ऑनलाइन वेबसाइट पर हजारों या लाखों में बिकते हैं, वही बैग यहां 200 से 500 रुपए में मिल जाते हैं. यही वजह है कि यहां हमेशा खरीददारों की लाइन लगी रहती है. अब बात आती है असली-नकली की, तो जनपथ में मिलने वाले ज्यादातर बैग ब्रांडेड कंपनियों की कॉपी होते हैं, लेकिन कॉपी इतनी परफेक्ट बनाई जाती है कि पहली नजर में कोई फर्क ही नहीं समझ आता.
बाहर से लोगो, डिजाइन सब सेम रहता है, बस दाम में जमीन- आसमान का फर्क होता है. दुकानदार भी खुले में नहीं बोलते कि कॉपी है, बस मुस्कुराकर कहते हैं, “मैडम, फर्स्ट कॉपी है, असली जैसी!”
हर डिजाइन मौजूद
यहां आपको हर तरह के बैग मिल जाएंगे. ऑफिस बैग, पार्टी क्लच, ट्रैवल बैग, टोट बैग, या फिर हैंडबैग, आदि. लड़कियों को तो यहां से खाली हाथ निकलना ही मुश्किल होता है. जो एक बार जनपथ आती हैं, 2- 3 बैग बिना लिए लौट ही नहीं पातीं.
सबसे बड़ा बैग बाजार
जनपथ को दिल्ली एनसीआर का सबसे बड़ा बैग बाजार माना जाता है. यहां जितनी वैरायटी है, वो शायद किसी और मार्केट में नहीं मिलती. हर दुकान पर कुछ नया दिखता है. खासकर कॉलेज की लड़कियों और ऑफिस जाने वाली महिलाओं की पसंदीदा जगह यही है.
