नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में सफर करने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. यहां निर्माणधीन NH- 148A हाइवे का निर्माण कार्य आखिरी दौर में पहुंच चुका है. इस प्रोजेक्ट को अगले साल मार्च महीने में पूरा कर लिया जाएगा. यह हाइवे DND हाइवे से शुरू होकर कालिंदी कुंज, फरीदाबाद, बल्लभगढ़ और सोहना होते हुए आगे UP के जेवर एयरपोर्ट तक पहुंचेगा. इस हाईवे के बनने से वाहन चालकों को इन शहरों की भीड़- भाड़ से छुटकारा मिलेगा.
7084 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट
DND हाइवे से आश्रम की ओर आने वाला रैंप लगभग तैयार हो चुका है. सराय काले खां को जोड़ने वाला दूसरा रैंप का काम जल्द पूरा होगा. सबसे जटिल हिस्सा कालिंदी कुंज के पास आगरा नहर पर बन रहा आर्च ब्रिज का काम आखिरी चरण में है. जैसे ही इसका काम पूरा होगा, दिल्ली- फरीदाबाद हिस्सा पूरी तरह से चालू हो जाएगा. कुल 91 किलोमीटर लंबा यह हाइवे DND से सोहना तक 59 किलोमीटर पड़ता है और जेवर तक आगे इसकी लंबाई 32 किलोमीटर पड़ती है. सिक्स लेन के इस एक्सेस- कंट्रोल्ड हाइवे के निर्माण पर 7,084 करोड़ रुपए की धनराशि खर्च हो रही है.
जेवर एयरपोर्ट के लिए सीधा रास्ता
जेवर एयरपोर्ट का पहला चरण कुछ हफ्तों में शुरू होने वाला है. NH-148A का जेवर वाला हिस्सा खासतौर पर एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. इससे यात्रियों को तेज और आसान सड़क मार्ग की सुविधा मिलेगी. यह नया कॉरिडोर NH- 19 (दिल्ली- कोलकाता) और NH- 48 (दिल्ली-जयपुर-मुंबई) के समानांतर चलेगा. इससे इन दोनों व्यस्त हाईवेज पर ट्रैफिक दबाव काफी कम होगा. दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से भी सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी.
लगभग 4 महीने बाद जब यह हाइवे पूरी तरह से शुरू हो जाएगा तो दिल्ली से जेवर, फरीदाबाद से गुरुग्राम और दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे तक का सफर पहले से कहीं ज्यादा सुपरफास्ट और आरामदायक हो जाएगा.
