नई दिल्ली | राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटूश्याम मंदिर (Khatushyam Ji Mandir) जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. 26 नवंबर को होने वाले तिलक महोत्सव और विशेष सेवा पूजन के कारण मंदिर के द्वार पूरे 19 घंटे बंद रहेंगे. ऐसे में उस दिन श्रद्धालुओं को बाबा श्याम के दर्शन नहीं मिल पाएंगे. इसीलिए सभी श्रद्धालुओं को समय का ध्यान रखकर खाटू श्याम जाना है ताकि किसी भी परेशानी का सामना ना करना पड़े.
26 नवंबर को बंद रहेगा दरबार
श्री श्याम मंदिर कमेटी के अध्यक्ष पृथ्वीसिंह चौहान ने बताया कि 25 नवंबर की रात 10 बजे से 26 नवंबर की शाम 5 बजे तक मंदिर में आम दर्शनों पर रोक रहेगी. अमावस्या के बाद होने वाली पारंपरिक सेवा- पूजन और तिलक कार्यक्रम के चलते हर साल की तरह इस बार भी मंदिर द्वार बंद रखे जाएंगे. 26 नवंबर शाम 5 बजे से श्याम बाबा के दर्शन फिर से शुरू कर दिए जाएंगे.
पहले भी कई मौकों पर बंद रहे द्वार
यह पहली बार नहीं है जब श्याम बाबा मंदिर के द्वार लंबे समय के लिए बंद किए गए हो. अक्टूबर में भी साफ- सफाई, विशेष दीपावाली पूजा और जन्मोत्सव तैयारियों के चलते तीन अलग- अलग अवसरों पर मंदिर के द्वार लगभग पूरे दिन बंद रहे थे. भक्तों को इस माह भी समस्या का सामना करना पड़ा था.
