नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के नगर निगम यानि MCD में कार्यरत कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. यहां गुरुवार को आयोजित हुई दिल्ली नगर निगम के सदन की बैठक में एमसीडी में नौकरी करने वाले 4 हजार से ज्यादा दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को पक्की नौकरी देने का फैसला लिया गया है. इससे जुड़ा प्रस्ताव सदन में पास हो गया है.
इन कर्मचारियों के लिए खुशखबरी
एमसीडी की बैठक में पेश प्रस्ताव के मुताबिक, 1 अप्रैल 2010 से 31 मार्च 2015 तक कार्यरत सभी दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों को नियमित किया जाएगा. इस प्रस्ताव की मंजूरी के बाद मेयर ने कहा कि बैठक में करूणामूलक आधार पर नियुक्त सभी दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों को भी नियमित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है.
उन्होंने बताया कि 4 हजार से ज्यादा सफाई कर्मचारियों को इस फैसले का लाभ मिलेगा. इन कर्मचारियों को नियमित होने के बाद नियमितीकरण पत्र सौंपे जाएंगे. इस फैसले से उन हजारों परिवारों के घरों में खुशी छाई है जो एमसीडी में नौकरी करने वाले अपने सदस्य की नौकरी पक्की होने का सालों से इंतजार कर रहे थे.
प्रदुषण को लेकर लगे आरोप
विपक्षी नेता अंकुश नारंग ने सत्ताधारी दल पर आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली में प्रदुषण स्तर बेहद खराब श्रेणी में पहुंच चुका है और लोगों का खुली हवा में सांस लेना दूभर हो चुका है. प्रदुषण का स्तर बढ़ने से लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. सत्ता पक्ष के पास प्रदुषण को नियंत्रित करने का कोई ठोस उपाय नहीं है. AQI निगरानी स्टेशन के पास पानी का छिड़काव कर गलत डेटा प्रस्तुत कर लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किया जा रहा है.
