नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और NCR क्षेत्र में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने अति व्यस्त जंक्शनों में एक धौला कुआं जंक्शन, जो हमेशा ट्रैफिक जाम और जलभराव की स्थिति से जूझता रहता है, की तस्वीर बदलने का फैसला लिया है. यहां सड़क मार्ग की चौड़ाई बढ़ाने से लेकर नए स्लिप रोड तक कई बड़े बदलाव की योजना बनाई गई है.
स्लिप रोड की योजना
NHAI ने धौला कुआं जंक्शन पर ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने के लिए एक खास तीन लेन के स्लिप रोड निर्माण की योजना बनाई है. यह स्लिप रोड खासतौर पर उन वाहनों के लिए होगा जो NH- 48 से नरेना की ओर जाते हैं. इसके लिए दिल्ली पुलिस से सुब्रतो पार्क पुलिस चौकी के पास 785 वर्ग मीटर जमीन मांगी गई है. इस प्रोजेक्ट में पुलिस चौकी के सामने के हिस्से को भी थोड़ा शिफ्ट करना होगा.
दिल्ली पुलिस ने इस प्रोजेक्ट का डिजाइन और लागत राशि का अनुमान NHAI को भेज दिया है, जो अब विचाराधीन है. इसके अलावा, NH- 48 की सुब्रतो पार्क एयरफोर्स स्टेशन के पास वाले हिस्से की भी चौड़ाई बढ़ाने की योजना बनाई गई है.
जलभराव से जंग
मानसूनी सीजन में धौलाकुआं जंक्शन पर बरसात से जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है और सड़क तालाब का रूप धारण कर लेती है. NHAI ने इस समस्या को तीन चरणों में हल करने की योजना बनाई है.
- धौला कुआं जंक्शन से परेड ग्राउंड तक का हिस्सा.
- परेड रोड जंक्शन से उलन बटार मार्ग तक.
- द्वारका रोड- थिम्मया मार्ग का हिस्सा.
हालिया जांच में पता चला है कि NH- 48 के पास पिलर नंबर 156 के आसपास की नाली का कोई आउटलेट नहीं है, जिसके चलते जलभराव हो जाता हैं और अंडरपास तक बाढ़ जैसे हालात पैदा हो जाते हैं. NHAI ने अस्थाई पंप लगाए हैं और नालियों की सफाई व आउटलेट बनाने का काम शुरू कर दिया है. PWD द्वारा परेड ग्राउंड पर पंप लगाए जाएंगे ताकि पानी की निकासी तेज गति से हो सकें.
विभागीय तालमेल ज़रूरी
धौला कुआं जंक्शन को ट्रैफिक जाम और जलभराव से निजात दिलाने के लिए अगर ये योजनाएं पूरी हुई, तो दिल्ली के इस अति व्यस्त इलाके में लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन इसके लिए विभागीय तालमेल और काम में रफ्तार बेहद जरूरी है.
