नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने एक बड़ा कदम उठाते हुए एम्स से महिपालपुर बाईपास और गुरुग्राम- फरीदाबाद रोड को जोड़ने वाला 20 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा. इस मेगा प्रोजेक्ट के संपूर्ण होने पर दिल्ली- गुरुग्राम हाइवे (NH-48), महरौली- गुरुग्राम रोड और दोनों रिंग रोड पर से ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिलेगी.
5 हजार करोड़ रुपए का मेगा प्रोजेक्ट
NHAI ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर अमलीजामा पहनाने के लिए इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) के लिए बोली आमंत्रित की है, जो 15 अक्टूबर तक तैयार हो सकती है. इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 5 हजार करोड़ रुपए आंकी गई है. यह एलिवेटेड कॉरिडोर एम्स/ INA से शुरू होकर नदिरा मार्ग, महरौली- गुरुग्राम रोड और गुरुग्राम- फरीदाबाद रोड को जोड़ेगा, जो दिल्ली- गुरुग्राम हाइवे के समानांतर चलेगा.
इस सड़क परियोजना की बदौलत गुरुग्राम से गाजियाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा जाने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट करने में मदद मिलेगी. यह सिग्नल फ्री कॉरिडोर साउथ दिल्ली की सड़कों से ट्रैफिक दबाव कम करेगा, जिससे NH-48, एमजी रोड और इनर- आउटर रिंग रोड पर ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाया जा सकेगा.
एलिवेटेड कॉरिडोर का रूट
यह 20 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर एम्स/ आईएनए से शुरू होगा और ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू और नेल्सन मंडेला मार्ग को पार करते हुए वसंत विहार, वसंत कुंज और अर्जनगढ़ होते हुए फरीदाबाद- गुरुग्राम रोड पर खत्म होगा.
ऑफ- रैंप एग्जिट पॉइंट्स
- NH-148A: IFFCO चौक की ओर जाने वालों के लिए.
- NH-148AE: IGI एयरपोर्ट की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए.
- महिपालपुर रोडः महिपालपुर और छतरपुर की ओर जाने वालों के लिए.
