खुशखबरी: वैष्णो देवी श्रद्धालुओं को मिलेगी नए और छोटे रूट की सौगात, इस रास्ते पर बनेगा नया हाइवे

नई दिल्ली | श्री माता वैष्णो देवी यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. अब उन्हें चंबा से भद्रवाह होकर वैष्णो देवी आने के लिए एक नए और छोटे सड़क मार्ग की सौगात मिलने जा रही है. हिमाचल प्रदेश के चंबा और जम्मू- कश्मीर के भद्रवाह प्रशासन की इस पहल से श्रद्धालुओं को पंजाब के रास्ते डलहौजी होकर लंबी दूरी तय करने से छुटकारा मिलेगा.

Vaishno Devi

NHAI ने दी मंजूरी

नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर दोनों राज्यों की इस पहल को मजबूती देते हुए चंबा और भद्रवाह को जोड़ने वाले प्रस्तावित 130 किलोमीटर लंबे नेशनल हाईवे को मंजूरी प्रदान कर दी है. इस हाईवे के बनने से हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के बीच पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और साथ ही व्यापारिक गतिविधियों में भी बड़ा बदलाव नजर आयेगा.

वर्तमान में चंबा से वैष्णो देवी मंदिर पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को पठानकोट होकर जाना पड़ता है. इसमें चंबा से पठानकोट (150 किमी) और फिर पठानकोट से कटरा (180 किमी) की दूरी तय करनी होती है, जो कटरा से दरबार (13 किमी) तक मिलाकर कुल 343 किलोमीटर का सफर हो जाता है.

यह भी पढ़े -  दिल्ली के इन रेलवे स्टेशनों के बदल जाएंगे नाम, भारतीय रेलवे कर रहा बड़ा प्लान तैयार; यात्रियों को होगा यह फायदा

यात्रा के समय में आएगी कमी

प्रस्तावित नए सड़क मार्ग के तहत, डलहौजी से सलूणी (65 किमी), सलूणी से भद्रवाह (75 किमी) और भद्रवाह से कटरा (185 किमी) का सफर करना होगा, जो कुल दूरी 338 किलोमीटर पड़ती है. NHAI के एक अधिकारी ने बताया कि जब यह 130 किलोमीटर लंबा हाइवे बनकर तैयार हो जाएगा तो यह दूरी घटकर और भी कम रह जाएगी. इससे श्रद्धालुओं के सफर में समय की बचत होगी.

यह नया सड़क मार्ग जहां हिमाचल प्रदेश से वैष्णो देवी श्रद्धालुओं के लिए दूरी कम करते हुए सफर को आसान बनाएगा, तो वहीं दूसरी ओर जम्मू- कश्मीर के लोगों के लिए प्रसिद्ध मणिमहेश और चंबा घाटी की यात्रा सुगम हो जाएगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.