खुशखबरी: पलवल से दिल्ली तक सुपरफास्ट होगी आवाजाही, मेट्रो विस्तार परियोजना को मिली मंजूरी

पलवल | हरियाणा में मेट्रो विस्तार से जुड़ी एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो विस्तार प्रोजेक्ट को मंजूरी प्रदान कर दी गई है. खेल मंत्री गौरव गौतम के प्रयासों से इस प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने में सफलता मिली है. शहरी विकास एवं आवासन मंत्रालय द्वारा दी गई मेट्रो विस्तार प्रोजेक्ट पर 4,320 करोड़ रुपए की लागत राशि खर्च होगी.

Metro

दिल्ली तक आसान होगा सफर

खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि मेट्रो विस्तार से दिल्ली- फरीदाबाद- पलवल के बीच सफर करने वालों को सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी के रूप में तेज गति का विकल्प मिलेगा. इस रूट पर मेट्रो संचालन से यात्रियों को ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिलेगा और उनकी यात्रा के समय में बचत आएगी. मेट्रो संचालन से दिल्ली- आगरा हाइवे (NH-19) पर ट्रैफिक दबाव कम करने में सफलता मिलेगी.

पलवल और फरीदाबाद से रोजाना हजारों की संख्या में स्टूडेंट्स स्कूल- कॉलेजों और विश्वविद्यालयों तक पहुंचने के लिए बसों या अन्य वाहनों का सहारा लेते हैं, लेकिन ट्रैफिक जाम और सार्वजनिक परिवहन का अभाव होने के चलते समय पर पहुंचने में खासी मशक्कत करनी पड़ती है. ऐसे में मेट्रो का संचालन शुरू होने पर एमवीएन, लिंगयाज, एशियन और डीएवी कॉलेज तक पहुंचना आसान हो जाएगा. घंटों का सफर मिनटों में सिमट कर रह जाएगा. बता दें कि बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो विस्तार प्रोजेक्ट की घोषणा साल 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने की थी.

यह भी पढ़े -  दिल्ली में जलभराव खत्म करने की तैयारी, 266 किमी नालों का होगा निर्माण और सुधार

24 किमी लंबा होगा ट्रैक

मेट्रो नेटवर्क के विस्तार से फरीदाबाद और पलवल के बीच व्यवसायिक और औद्योगिक गतिविधियों में तेजी आएगी. पलवल में नई औद्योगिक इकाइयां आने की उम्मीद जगेगी क्योंकि मेट्रो के रुप में आसान कनेक्टिविटी निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी. पलवल क्षेत्र में रोजगार के लिहाज से यह मेट्रो लाइन बड़ा बदलाव लाने का काम करेगी.

बताया जा रहा है कि 24 किलोमीटर लंबे इस रूट पर 10 से ज्यादा जगहों पर मेट्रो स्टेशन बनेंगे. टेक्नो- फिजिबिलिटी सर्वे के बाद स्टेशन की संख्या घट या बढ़ सकती है. इस सर्वे का जिम्मा रेल इंडिया टेक्निकल एंड इकोनॉमिक सर्विस (राइट्स) को सौंपा गया है. केंद्र सरकार द्वारा इस प्रोजेक्ट को 3 सालों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. यह मेट्रो बल्लभगढ़ स्थित राजा नाहर सिंह स्टेशन से लेकर पलवल बस स्टैंड तक चलेगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.