पलवल | हरियाणा में गांवों और कालोनियों के नाम बदलने का सिलसिला जारी है. खेल मंत्री गौरव गौतम ने एक बड़ी घोषणा करते हुए पलवल जिले की 2 कॉलोनियों के नाम बदलने का ऐलान किया है. लंबे समय से चली आ रही स्थानीय लोगों की मांग और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है.
होगी नई पहचान
खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि पलवल स्थित इस्लामाबाद कॉलोनी का नाम अब ईश्वर नगर रखा जाएगा. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की आस्था, सांस्कृतिक मूल्यों और परंपराओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. स्थानीय निवासियों ने भी इस बदलाव का स्वागत करते हुए इसे सरकार की सकारात्मक पहल बताया है.
उन्होंने बताया कि इसके साथ ही, शमशाबाद कॉलोनी का नाम बदलकर सिद्धार्थ नगर रखने की घोषणा की गई है. उन्होंने कहा कि यह नाम यह नाम भगवान बुद्ध की शिक्षा और सिद्धांतों से प्रेरित है, जो क्षेत्र में सामाजिक सद्भाव और शांति का प्रतीक बन सकता है. हमारी सरकार जनता की भावनाओं का सम्मान करती है. कई सालों से इन कॉलोनियों के नाम बदलने की मांग उठाई जा रही थी. अब हमने औपचारिक रूप से प्रक्रिया शुरू कर दी है. जल्द ही, राजस्व विभाग द्वारा इसकी अधिसूचना जारी कर दी जाएगी.
स्थानीय लोगों की प्रतिक्रिया
अपनी कालोनियों के नाम बदलने पर लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए इसे सरकार की सकारात्मक पहल बताया है. नाम बदलना हमारे लिए गर्व का विषय है. अब हमारी कालोनियों को एक ऐसा नाम मिला है, जो हमारी आस्था और संस्कृति से मेल खाती है.
