CET पास बेरोजगार युवाओं के लिए खुशखबरी! हरियाणा सरकार देगी आर्थिक सहायता

पंचकुला | हरियाणा सरकार ने CET पास बेरोजगार युवाओं के हित में एक बड़ी घोषणा की है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि आगामी 1 नवंबर 2026 से सक्षम युवा योजना के तहत CET पास युवाओं को मानदेय दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि जिन युवाओं को CET पास करने के दो साल बाद भी नौकरी नहीं मिल पाती, उन्हें इस योजना के अंतर्गत आर्थिक मदद के साथ- साथ 100 घंटे का काम भी मुहैया कराया जाएगा. सरकार द्वारा किए गए सर्वे में प्रदेशभर में कुल 5 लाख 40 हजार 428 CET पास युवाओं की पहचान की गई है, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से इस योजना का लाभ दिया जाएगा.

Haryana CET HSSC CET

मुख्यमंत्री बुधवार को विकसित भारत विजन- 2047 के तहत रोजगार, कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग तथा हरियाणा स्किल डेवलपमेंट मिशन से जुड़ी समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे. उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री विकसित भारत योजना के अंतर्गत हरियाणा देश के टॉप- 10 राज्यों में शुमार हो चुका है और अब तक इस योजना के जरिए 51 हजार युवाओं को रोजगार मिल चुका है.

हरियाणा CET

मुख्यमंत्री ने फतेहाबाद में श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय का रीजनल सेंटर खोले जाने की भी घोषणा की, जिसे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित कर आधुनिक कौशल प्रशिक्षण का प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा. इसके अलावा फतेहाबाद, सुल्तानपुर और अन्तेड़ी में एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट सेंटर भी स्थापित किए जाएंगे. सरकार अब कौशल विकास को नई तकनीकों के साथ जोड़ने पर भी विशेष जोर दे रही है. मुख्यमंत्री के अनुसार पंचकूला और गुरुग्राम में AI हब तैयार किए जा रहे हैं और करीब 2 लाख युवाओं को हार्ड स्किल की ट्रेनिंग दी जाएगी. करनाल, पंचकूला और पानीपत में AI, रोबोटिक्स तथा ड्रोन प्रशिक्षण केंद्र भी स्थापित किए जा रहे हैं, जिन पर लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत आएगी.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में 60 सरकारी पदों पर भर्ती; क्लर्क, स्टाफ नर्स और फार्मासिस्ट के लिए आवेदन शुरू

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि एक AI आधारित पोर्टल तैयार किया जाए, ताकि ITI और स्किल डेवलपमेंट से जुड़े पूरे डाटा के आधार पर उद्योगों की जरूरत के मुताबिक प्रशिक्षित युवाओं की पहचान और नियुक्ति आसानी से हो सके.

बनाई जाएगी मॉडल ITI

ITI नेटवर्क के विस्तार पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की सभी मौजूदा ITI का आधुनिकीकरण किया जाएगा, हर जिले में मॉडल ITI बनाई जाएगी और हर ब्लॉक तक इसकी पहुंच सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है. फिलहाल, प्रदेश के 143 में से 117 ब्लॉकों में ITI पहले से संचालित हैं. नई ITI चरखी दादरी के झोझू कलां, कारीरूपा और रणकौली तथा जिंद के पिल्लूखेड़ा में खोली जाएंगी जबकि नारनौल की महिला ITI का नवीनीकरण होगा. पंचकूला के बरवाला तथा कुरुक्षेत्र के बसंतपुर व नलवी खुर्द में नई ITI का निर्माण किया जाएगा.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.