पंचकूला | हरियाणा के डीजीपी ओपी सिंह ने सूबे की जनता के लिए एक और नया आदेश जारी किया है. खासकर उन लोगों के लिए चेतावनी जारी की गई है, जो अपनी कार के डैश बोर्ड के ऊपर पुलिस की टोपी या गाड़ी पर पुलिस का स्टीकर लगाकर चलते हैं. अब पकड़े जाने पर ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं.
सिस्टम सुधारने की कवायद शुरू
हरियाणा के सभी पुलिस अधीक्षकों तथा पुलिस आयुक्तों को डीजीपी ओपी सिंह की ओर से कार्रवाई करने का निर्देश पत्र जारी किया गया है. उनका कहना है कि पुलिस की टोपी या पुलिस का स्टीकर लगाकर गाड़ी चलाने वाले रौब जमाने के लिए ऐसी हरकतें करते हैं. कई बार जांच से बचने के लिए अपराध करने वाले भी पुलिस कैप का गलत इस्तेमाल करते हैं.
इससे चौक- चौराहों पर जांच के लिए खड़े पुलिसकर्मी यह सोचकर वाहन नही रूकाते है कि गाड़ी चालक या उसमें सवार पुलिस विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी होगा. पुलिस विभाग की व्यवस्था को सुधारने में जुटे डीजीपी ओपी सिंह का ध्यान ऐसे लोगों की तरफ भी गया है.
क्षेत्रीय पुलिस करेगी कार्रवाई
उन्होंने अपने निर्देशों में स्पष्ट किया है कि यदि सादी वर्दी में कोई पुलिस विभाग का अधिकारी या पुलिसकर्मी अपनी प्राइवेट गाड़ी से सफर कर रहा है, तो पुलिस की कैप को गाड़ी के डैश बोर्ड पर नहीं रखेगा. उसके खिलाफ क्षेत्रीय पुलिस द्वारा कार्रवाई की जाएगी.
यदि उनके पास किसी व्यक्ति ने ऐसी गाड़ी की फोटो भेज दी, जिसके डैशबोर्ड पर पुलिस कैप रखी हुई तो क्षेत्र के ट्रैफिक अधिकारी कार्रवाई करने में देर नहीं लगाएंगे. उन्होंने यह भी कहा कि जांच के नाम पर किसी व्यक्ति को बेवजह परेशान नहीं किया जाएगा.
