पंचकूला | सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ से सटे पंचकूला में सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में माजरी चौक का नवनिर्माण किया जाएगा. इस चौक पर ट्रैफिक जाम की समस्या और एक्सीडेंट के नित नए मामले सामने आ रहे हैं. अब इस चौक को सुंदर और सुरक्षित करने की योजना बनाई गई है. नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) की ओर से चौक का रिडिजाइन और सुंदरता का काम शुरू कर दिया गया है. इस प्रोजेक्ट पर करीब एक करोड़ रूपए की लागत राशि खर्च होगी.
सड़कों की बढ़ेगी चौड़ाई
पंचकूला के सेक्टर-1 और दो के बीच स्थित माजरी चौक को यमुनानगर और कालका से पंचकूला में एंट्री का मुख्य रास्ता माना जाता है. वर्तमान में इस चौक पर सड़कों पर चौड़ाई 20 फीट तक हैं लेकिन अब इसे बढ़ाकर 35 फीट तक किया जाएगा. चारों ओर मौजूदा तीखे मोड़ हो हटाया जाएगा. इसके साथ ही सड़क को सीधा किया जाएगा ताकि वाहनों को किसी तरह की परेशानी न हो.
सड़क दुघर्टनाओं से मिलेगा छुटकारा
मानसूनी सीजन में जलभराव से छुटकारा दिलाने के लिए माजरी चौक पर लंबी ड्रेनेज पाइप लाइन बिछाई जाएगी. पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ और ग्रीन एरिया विकसित किया जाएगा. तीखे मोड़ और सड़कों की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी ताकि लोगों का सफर आसान हो सकें. अधिकारियों को उम्मीद है कि इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर माजरी चौक दुर्घटनाओं से मुक्त हो जाएगा.
