पंचकूला | हरियाणा के पंचकूला में स्थित प्रसिद्ध माता मनसा देवी मंदिर (Mansa Devi Mandir) को भव्य बनाने की दिशा में पहले चरण का कार्य शुरू हो चुका है. अब श्रद्धालुओं को मंदिर एक नए और भव्य रूप में दिखाई देगा. इसका पुनर्विकास काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर किया जाएगा. इसे आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सके. 200 साल से भी ज्यादा पुराने शक्ति पीठ को सांस्कृतिक विरासत के साथ जोड़ा जाएगा. मंदिर के पुनर्विकास का काम तीन चरणों में शुरू किया जाएगा.
3 महीने में काम पूरा
पहले चरण के तहत, शक्ति द्वार से मुख्य द्वार तक एक खास शक्तिपथ तैयार किया जाएगा. यह मार्ग 110 मीटर लंबा और 15 मीटर चौड़ा होगा. इसमें दोनों तरफ श्रद्धालुओं के बैठने के लिए बेंच लगाए जाएंगे. इसके अलावा, VIP प्रवेश मार्ग, लिफ्ट और सुंदर सीढ़ियों की व्यवस्था की जाएगी. अनुमान है कि यहाँ पहले चरण के तहत 5.5 करोड़ रुपए खर्च होंगे. इसे 3 महीनों में पूरा किया जाएगा.
दूसरे चरण में स्थापित होगी हनुमान वाटिका
हनुमान जी की बैठी मुद्रा में 108 फीट ऊंची मूर्ति स्थापित होगी. यह इतनी विशाल होगी कि 1 किलोमीटर दूर से भी आसानी से दिखाई दे जाएगी. यहां हरियाली, फव्वारे और सुंदर लाइटिंग का भी इस्तेमाल किया जाएगा. इस पर 25 करोड़ रुपए की लागत आने का अनुमान है.
तीसरे चरण में होंगे यह काम
मंदिर के गुंबदों को नागर शैली में दोबारा से बनाया जाएगा. इसके अलावा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, बस स्टॉप, वाहनों और पैदल चलने वाले यात्रियों के लिए अलग- अलग रास्ता बनाया जाएगा. इसके अलावा, लेजर शो की सुविधा वाला ओपन एयर थिएटर भी बनाया जाएगा, जिससे श्रद्धालु आध्यात्मिकता और संस्कृति से जुड़ाव महसूस करेंगे.
