नई दिल्ली | आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) के लिए एक और परेशानी भरा मामला सामने आ रहा है. एक ओर जहां उन पर कथित शराब घोटाले का मामला चल रहा है, जिसमें वह जमानत पर जेल से बाहर हैं. वहीं, एक और मुद्दे को लेकर उन पर एफआईआर दर्ज की गई है. दरअसल, राजधानी में बड़े- बड़े होर्डिंग लगवाने को लेकर दिल्ली पुलिस द्वारा उनके ऊपर FIR दर्ज की गई है.
लगे थे यह आरोप
पुलिस द्वारा केजरीवाल और अन्य के खिलाफ सार्वजनिक संपत्ति अधिनियम के कथित उल्लंघन की शिकायत को लेकर FIR दर्ज की गई है. इस मामले में पुलिस द्वारा राउज एवेन्यू कोर्ट में अनुपालन रिपोर्ट दाखिल की गई है. पुलिस ने कोर्ट को जानकारी दी है कि इस मामले में एफआईआर दर्ज हो गई है. कोर्ट द्वारा इस मुद्दे पर सुनवाई के लिए 18 अप्रैल की तारीख निर्धारित की गई है.
मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार, साल 2019 में एक शिकायत में आरोप लगाते हुए कहा गया कि अरविंद केजरीवाल, मटियाला से आप विधायक गुलाब सिंह और द्वारका की तत्कालीन पार्षद नितिका शर्मा ने कई अलग- अलग इलाकों पर बड़े- बड़े होर्डिंग्स लगवाए हैं, जिससे जनता का पैसा बर्बाद हुआ है.
एफआईआर दर्ज करने के दिए थे निर्देश
11 मार्च को केजरीवाल व अन्य के खिलाफ FIR के निर्देश दिए गए थे. एडिशनल चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट नेहा मित्तल ने कहा था ‘इस अदालत की राय है कि CRPC की धारा 156 (3) के तहत ये आवेदन स्वीकार करने योग्य है। इसके अनुसार संबंधिंत थाना प्रभारी को दिल्ली संपत्ति विरूपण रोकथाम अधिनियम 2007 की धारा- 3 और मामले से जुड़े दूसरे अपराधों के तहत तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए जाते हैं।’
