नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है. पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने घोषणा करते हुए कहा कि दिल्ली में पहले से चल रही जनकल्याणकारी योजनाएं उनकी सरकार बनने के बाद भी जारी रहेंगी. भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन सुनिश्चित करने के लिए योजनाओं की सख्त मॉनिटरिंग की जाएगी. बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र को तीन चरणों में लागू करने की योजना बनाई है, जिसमें यह पहला चरण है.
महिलाओं के लिए घोषणा
बीजेपी ने अपने घोषणापत्र में महिला समृद्धि योजना के तहत प्रत्येक महिला को ₹2500 प्रति माह देने का वादा किया है. इसके अलावा, गरीब परिवारों की महिलाओं को गैस सिलेंडर पर ₹500 की सब्सिडी दी जाएगी. स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आयुष्मान भारत योजना को पूरी तरह लागू किया जाएगा. इसके तहत, केंद्र सरकार ₹5 लाख और दिल्ली सरकार ₹5 लाख का बीमा कवर देगी.
ये हैं बीजेपी संकल्प पत्र की घोषणाएं
- महिला समृद्धि योजना के तहत महिलाओं को ₹2500 प्रतिमाह
- गरीब महिलाओं को गैस सिलेंडर पर ₹500 की सब्सिडी
- होली और दिवाली पर गरीब परिवारों को एक मुफ्त सिलेंडर
- गर्भवती महिलाओं को ₹21,000 की आर्थिक सहायता
- 70 साल से अधिक उम्र के लोगों को ₹10 लाख का बीमा कवर
- 60- 70 साल के बुजुर्गों की पेंशन में ₹500 की बढ़ोतरी
- 70 वर्ष से अधिक उम्र के नागरिकों, विधवा और दिव्यांग महिलाओं को ₹3000 पेंशन
- झुग्गी- झोपड़ी इलाकों में ₹5 में भोजन उपलब्ध कराने के लिए ‘अटल कैंटीन’ योजना
आम आदमी पार्टी की प्रमुख घोषणाएं
- छात्रों को डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा और मेट्रो किराए में 50% की छूट
- 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली और पानी
- महिलाओं को ₹2100 प्रति माह की आर्थिक सहायता
- बुजुर्गों के लिए पेंशन योजना
- पुजारियों और ग्रंथियों को ₹18,000 प्रतिमाह की आर्थिक सहायता
- संजीवनी योजना के तहत, 60 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए मुफ्त इलाज
मोहल्ला क्लीनिक में हुआ घोटाला
जेपी नड्डा ने आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा संचालित मोहल्ला क्लीनिक को लेकर बड़ा आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि इस योजना में 300 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है, जिसकी बीजेपी सरकार आने पर पूरी तरह से जांच की जाएगी. आम आदमी पार्टी द्वारा हाल ही में लागू की गई संजीवनी योजना को लेकर भी सवाल उठाए गए.
