रेवाड़ी | मालवाहक रेलगाड़ियों को सीधा बाईपास होकर संचालित करने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में दिल्ली- रेवाड़ी रेलवे लाइन पर रेवाड़ी जंक्शन के निकट स्थित कुंभावास स्टेशन से डेडीकेटेड फ्रेंट कॉरिडोर कॉर्पोरेशन (DFCC) के न्यू रेवाड़ी स्टेशन तक 8.3 किलोमीटर लंबी बाईपास रेलवे लाइन बिछाने का काम शुरू हो चुका है. इसके निर्माण पर 417.90 करोड़ रूपए की लागत राशि खर्च होगी.
ट्रैफिक प्रभावित होने से बचेगा
वर्तमान में दिल्ली की ओर से रेवाड़ी जंक्शन होते हुए जयपुर, अजमेर रेलवे स्टेशन के रास्ते अहमदाबाद तक प्रतिदिन 50 मालवाहक ट्रेनें संचालित हो रही है. इन मालगाड़ियों की आवाजाही से रेवाड़ी जंक्शन पर ट्रैफिक प्रभावित रहता है. स्टेशन से संचालित होने वाली सवारी ट्रेनों के संचालन के लिए मार्ग की उपलब्धता काफी कम रहती है. इससे पैसेंजर ट्रेनों के साथ- साथ मालगाड़ियां भी लेट हो जाती है.
इस समस्या से निजात दिलाने के लिए रेलवे ने रेवाड़ी रेलवे लाइन को DFCC के न्यू रेवाड़ी स्टेशन से सीधा जोड़ने के लिए दिल्ली की ओर से रेवाड़ी जंक्शन होते हुए अहमदाबाद तक जाने वाली मालगाड़ियों के रास्ते में बदलाव करने का निर्णय लिया गया है.
रेवाड़ी जंक्शन जाने की नहीं पड़ेगी जरूरत
DFCC के एक अधिकारी ने बताया कि इस रेल बाईपास निर्माण से दिल्ली की ओर से आने वाली मालगाड़ियों को रेवाड़ी जंक्शन से पहले ही कुम्भावास स्टेशन से DFCC के न्यू रेवाड़ी स्टेशन, रींगस व अजमेर स्टेशन होते हुए अहमदाबाद और अन्य जगहों के लिए निकाला जा सकेगा.
इसका फायदा यह होगा कि मालगाड़ियों के मार्ग में परिवर्तन से रेवाड़ी जंक्शन पर आने वाली सवारी गाड़ियों को खुला रास्ता मिल सकेगा. इस रूट पर ट्रैफिक कम होने से नई पैसेंजर ट्रेनों के संचालन का रास्ता खुलेगा. वहीं, मालगाड़ियों के संचालन में भी तेजी आएगी. इससे व्यापारियों को फायदा होगा क्योंकि कम समय में माल को बाईपास के रास्ते अहमदाबाद और अन्य जगहों पर पहुंचाया जा सकेगा.
यहां पर बनेगा नया रेलवे बाईपास
बाईपास लाइन का निर्माण DFCC के न्यू रेवाड़ी किशनगढ़ बालावास खंड के किमी 5/200 से होकर दिल्ली- रेवाड़ी रेलवे लाइन पर रेवाड़ी जंक्शन स्टेशन के निकट कुम्भावास स्टेशन तक होगा. वहीं, कुम्भावास स्टेशन को फ्लैग जंक्शन स्टेशन में क्रमोन्नत किया जाएगा, जिसका कार्य उतर रेलवे द्वारा किया जाएगा. इस बाईपास का निर्माण कार्य इसी साल पूरा कर लिया जाएगा.
