रेवाड़ी | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में रेवाड़ी से चंडीगढ़ वाया दिल्ली होते हुए पहली AC बस सेवा को शुरू किया गया है. रेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र से BJP विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने शुक्रवार को झंडी दिखाकर एसी बस को रवाना किया. उन्होंने कहा कि इससे लंबी दूरी का सफर तय करने में आसानी होगी.

डिपो में शामिल हुई 10 नई AC बसें
रेवाड़ी रोडवेज डिपो को 10 नई एसी बसों की सौगात मिली है. इन बसों का संचालन चंडीगढ़ के साथ ही जयपुर, आगरा, शिमला आदि रूटों पर भी किया जाएगा. वहीं, 7 जून यानि आज से कोसली से चंडीगढ़ के लिए भी 1 एसी बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर शुरू किया जाएगा.
विधायक ने किया आभार व्यक्त
बीजेपी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने रेवाड़ी डिपो को एसी बस सेवा की सौगात देने पर हरियाणा सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सीएम नायब सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में चहुंमुखी विकास हो रहा है. उन्होंने कहा कि यात्री अब रेवाड़ी से अलग- अलग रूटों पर एसी बसों से आरामदायक सफर का मजा उठा सकेंगे.
रेवाड़ी डिपो को 10 एसी बसें मिली हैं, इनको अलग-अलग रूटों पर चलाया जाएगा. यह बसें सामान्य बसों से अधिक सुविधाजनक हैं. एसी बस का किराया सामान्य बसों से डेढ़ गुना तथा वोल्वो बसों से कम है. इस बस में कोई भी स्टाफ व पास मान्य नहीं होगा. प्रदीप कुमार, महाप्रबंधक रोडवेज, रेवाड़ी.