रेवाड़ी | दक्षिण हरियाणा के खिलाड़ियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. सूबे की नायब सैनी सरकार (Nayab Saini Govt) में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव के प्रयासों की बदौलत रेवाड़ी जिले को बड़ी सौगात मिली है. बता दें कि हरियाणा सरकार ने रेवाड़ी के राव तुलाराम स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक बिछाने की मंजूरी प्रदान कर दी है. इसपर 9.70 करोड़ रूपए की लागत राशि खर्च होगी.
खिलाड़ियों को होगा फायदा
रेवाड़ी के राव तुलाराम स्टेडियम की बात करें, तो यहां सैकड़ों की संख्या में खिलाड़ी प्रैक्टिस करने के लिए पहुंचते हैं, ताकि नेशनल व इंटरनेशनल लेवल पर पदक जीतकर जिला व हरियाणा के साथ हिंदुस्तान का गौरव बढ़ा सकें. इनमें बड़ी संख्या में महिला खिलाड़ी भी हैं. तमाम बड़ी खेल प्रतियोगिताओं की बात करें तो वहां दौड़ लगाने के लिए सिंथेटिक ट्रैक मिलता है, लेकिन रेवाड़ी के राव तुलाराम स्टेडियम में यह सुविधा नहीं थी, जिसके चलते यहां के खिलाड़ियों को इंटरनेशनल स्तर की प्रैक्टिस के लिए गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत जैसे बड़े शहरों का रूख करना पड़ता था.
सबसे बड़ी परेशानी लड़कियों के सामने थी, लेकिन अब सिंथेटिक ट्रैक की सौगात मिलने से खिलाड़ियों के सपनों को उड़ान मिलती हुई दिखाई देगी. उन्हें अपने गृह जिले में ही सिंथेटिक ट्रैक पर दौड़ लगाने का अनुभव हासिल होगा. इससे उन्हें राष्ट्रीय व अंतराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के लिए तैयारी करने का बढ़िया अवसर मिलेगा.
लंबे समय से प्रयासरत थी आरती राव
राव तुलाराम स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक बिछाने को लेकर आरती राव उस समय से प्रयासरत थी, जब वो बीजेपी की एक साधारण कार्यकर्ता थी. उनकी मेहनत रंग लाई और वह रेवाड़ी जिले के खिलाड़ियों को सिंथेटिक ट्रैक की सौगात देने में कामयाब हो गई. उन्होंने रेवाड़ी के राव तुलाराम स्टेडियम को सिंथेटिक ट्रैक की सौगात देने पर सीएम नायब सैनी और खेल मंत्री गौरव गौतम का विशेष तौर पर आभार व्यक्त किया है.
