सोनीपत | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने चंडीगढ़ में उद्योगपतियों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता की. बैठक के दौरान खुलासा करते हुए उन्होंने कहा कि अब हरियाणा में भी पंजाब के अमृतसर के ड्राई फ्रूट्स मिलेंगे और इसके लिए सोनीपत में जमीन के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गई है. इसके अलावा, दिल्ली की होलसेल मार्केट व मार्बल मार्केट के लिए भी अनुमति दी गई है. जल्द ही, इन प्रोजेक्ट्स पर काम शुरू होगा.
इलेक्ट्रिक वाहनों को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने बताया कि करनाल में फार्मा हब विकसित करने पर काम किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि आने वाला समय इलेक्ट्रिक वाहनों का हैं. इसलिए हमारी सरकार ने इलेक्ट्रिक व्हीकल पार्क बनाने की योजना बनाई है. गुरुग्राम में इलेक्ट्रिक व्हीकल बैटरी का एक बड़ा उद्योग स्थापित हो रहा है. सरकार उद्योगों को रफ्तार प्रदान करने की दिशा में निरंतर नए प्रयास कर रही है.
सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार की एमएसएमई- सीडीपी योजना के अलावा राज्य में मिनी क्लस्टर योजना शुरू की गई है. जिसके तहत 48 एमएसएमई क्लस्टरों में 170 करोड़ रुपए की योजनाओं पर काम चल रहा है. इससे हरियाणा प्रदेश में 8 हजार से ज्यादा एमएसएमई को लाभ पहुंचा है. वहीं, जापान से 5 हजार करोड़ रुपए के निवेश को मंजूरी मिल चुकी है.
निवेश के लिए बेहतर माहौल
उन्होंने कहा कि पिछले बजट सत्र के दौरान प्रदेश में 10 IMT स्थापित करने की घोषणा की गई थी और इनमें से 2 IMT के लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है. इनमें उद्योगपति निवेश कर रहे हैं. हर प्रकार की सहायता के लिए सरकार उद्योगपतियों के साथ खड़ी हैं. हमारी सरकार ने सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया हैं जिसके तहत एक निर्धारित समय- सीमा में उद्योगपतियों को एनओसी जारी की जा रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्यमशीलता व नवाचार के साथ उद्योगपति आज देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहे हैं.
