सोनीपत | हरियाणा के सोनीपत जिले से एक रोमांचक कहानी सामने आई है. दरअसल सोनीपत जिले के एक युवा किसान रॉकी ने अपने टैक्टर को ऐसा मॉडिफाई कराया है कि वह अब एक चलता- फिरता घर बन गया है. इस अनोखे टैक्टर को लोग दूर-दूर से देखने के लिए आ रहे है और यह टैक्टर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है.
4 लाख में कराया मॉडिफाई
रॉकी ने करीब 10 लाख रुपए का टैक्टर खरीदा था. इसके बाद उसने लगभग 4 लाख रुपए खर्च करके उसमें कई बदलाव करवाएं. इन बदलावों के कारण यह टैक्टर केवल खेती के लिए ही नहीं, बल्कि सफर के लिए भी आरामदायक साधन बन गया है. इस टैक्टर में कुछ ऐसी सुविधाएं जोड़ी गई है, जो इसे ओर भी खास बनाती है. इसमें सनरूफ के साथ- साथ सोने के लिए बेड की व्यवस्था की गई है.
इसमें खाना बनाने के लिए रसोई, 8 से 10 लोगों के बैठने की जगह, ट्रैफिक के लिए पीछे कैमरा और लंबी यात्रा के लिए 55 लीटर का अतिरिक्त डीजल टैंक भी है.
कर चुके है लंबी यात्राएं
रॉकी इस टैक्टर से कई कठिन और लंबी यात्राएं कर चुके है. उन्होंने हिमाचल प्रदेश के काजा- स्पीति और चारधाम यात्रा भी इसी टैक्टर के साथ की है. वह लद्दाख और सियाचिन क्षेत्र तक भी टैक्टर से सफर कर चुके है. अब रॉकी परिवार के साथ इसी टैक्टर से नेपाल की यात्रा करने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव के कारण पेट्रोल- डीजल और गैस की संभावित समस्या को देखते हुए उन्होंने फिलहाल अपनी यात्रा रोक दी है. उनका कहना है कि जब देश में ईंधन की स्थिति सामान्य होगी, तब वे दुबारा यात्रा शुरू करेंगे.
लोगों के लिए बना प्रेरणा
यह अनोखा टैक्टर इस बात का उदाहरण है कि किसानों के लिए टैक्टर सिर्फ खेती का औजार नहीं है बल्कि उनकी ताकत और पहचान है. किसान आंदोलन के दौरान भी किसानों ने टैक्टर से अपनी ताकत दिखाई थी. अब सोनीपत के किसान रॉकी की अनोखी सोच और मेहनत आज पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है. रॉकी का यह प्रयोग ग्रामीण नवाचार की मिसाल माना जा रहा है.
