सोनीपत | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी आज सोनीपत दौरे पर पहुंचे थे जहां उन्होंने गोहाना की नई सब्जी मंडी में आयोजित विकास रैली में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की. इस दौरान गोहाना से बीजेपी विधायक और पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली सहित कई अन्य स्थानीय विधायक भी मंच पर मौजूद रहे. मुख्यमंत्री ने इस दौरान गोहाना क्षेत्र को 113 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का तोहफा दिया. यह योजनाएं क्षेत्र के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है जिनका स्थानीय लोगों को सीधा फायदा पहुंचेगा.
सोनीपत में इन विकास परियोजनाओं का उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने गोहाना में आयोजित विकास रैली में 3.77 करोड़ रुपए की लागत से गांव मोई माजरी के विद्यालय भवन, साढ़े 13 करोड़ रुपए से बड़वासनी और तिहाड़ मलिक के 33 kV सब- स्टेशन और गोहाना नगर परिषद में 60 लाख रुपए से संत गुरु कबीर दास गेट का उद्घाटन किया.
उन्होंने गोहाना हलके की मार्किटिंग बोर्ड की 4 सड़कों के निर्माण कार्य, 74 करोड़ रुपए से भालौठ सब- ब्रांच की रि- मॉडलिंग के काम, सवा 14 करोड़ रुपए से गामड़ी, बिधल में 33 kV के सब- स्टेशन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया है. खेड़ी दमकन, बड़वासनी, महलाना व जुआं गांवों में 2.25 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया है.
नई रफ्तार पकड़ेगा गोहाना क्षेत्र का विकास
रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने खानपुर को तहसील और बरोदा व फरमाना को उप- तहसील बनाने की बड़ी घोषणा की. उन्होंने कहा कि 113 करोड़ रुपए की इन विकास परियोजनाओं में स्वास्थ्य सेवाओं का बुनियादी ढांचा मजबूत करने के लिए नए स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण, बिजली आपूर्ति को सुदृढ़ करने के लिए नए बिजली घरों का निर्माण तथा अन्य जनहितकारी योजनाएं शामिल हैं.
इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद गोहाना क्षेत्र का विकास तेज गति से आगे बढ़ेगा और शहरी ही नहीं बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी आमजन को बेहतर मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिलेगा. पूरे प्रदेश के एक समान विकास को लेकर हमारी सरकार प्रतिबद्ध है और बुनियादी सुविधाओं में व्यापक सुधार करना सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है.
