हरियाणा के इस शहर में बनेगा नया बस अड्डा, विधायक कादियान की मेहनत रंग लाई

सोनीपत | हरियाणा के सोनीपत जिले के गन्नौर क्षेत्र के लोगों को बहुत जल्द नए बस स्टैंड की सौगात मिलेगी. यहां लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से कंडम घोषित हो चुकी बस स्टैंड की पुरानी बिल्डिंग को जमींदोज कर दिया गया है और अब इसी जगह पर बस स्टैंड के लिए नई बिल्डिंग का निर्माण किया जाएगा. इसके लिए 2.3 करोड़ रुपए की बजट राशि स्वीकृत की गई है.

MPNews 1 2

बस स्टैंड की नई बिल्डिंग के निर्माण के लिए धनराशि मुख्यालय ने विभाग को जारी कर दी है. अब विभाग को निर्माण कार्य शुरू करवाने के लिए मुख्यालय भेजे गए नक्शे के पास होने का इंतजार है.

हरियाणा के इस विधानसभा में उठाया था मुद्दा

गन्नौर विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय विधायक देवेंद्र कादियान ने विधानसभा में बस स्टैंड के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था. इसके बाद, गन्नौर बस स्टैंड के नवीनीकरण की योजना पर काम चल रहा है. अब इस योजना के तहत, यहां 10 बस स्टॉप बनाए जाएंगे. यहां आमजन के लिए मूलभूत सुविधाएं बिजली- पानी, शौचालय, विश्राम गृह, सीसीटीवी कैमरे आदि उपलब्ध कराई जाएगी. इसके अलावा, अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए प्रशासनिक भवन का निर्माण किया जाएगा.

भविष्य में इस बस स्टैंड से इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा. ऐसे में यहां एक साथ कई बसें खड़ी हो सकें, इसके लिए इलेक्ट्रिक चार्जिंग प्वाइंट स्थापित किए जाएंगे. जीटी रोड सर्विस लेन के साथ जमीन पर दुकानों का निर्माण करवाया जाएगा. इन दुकानों से मिलने वाला किराया रोडवेज विभाग की आय का स्त्रोत बनेगा.

जल्द शुरू होगी इंटरनेशनल मंडी

गन्नौर में निर्माणाधीन इंटरनेशनल बागवानी मंडी अगले साल शुरू हो जाएगी. ऐसे में गन्नौर जीटी रोड पर बस स्टैंड का पुनर्निर्माण होने के बाद यह मंडी के लिए महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा. यहां से प्रदेश के दूसरे शहरों के साथ- साथ लंबी दूरी की अंतर्राज्यीय बस सेवा को हरी झंडी दिखाई जाएगी ताकि लोगों को यहीं से सीधी बस सेवा का लाभ मिल सके और उन्हें सोनीपत या पानीपत बस स्टैंड तक भाग- दौड़ नहीं करनी पड़े.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.