सोनीपत | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे सोनीपत जिले के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. यहां पर दुनिया के 7 अजूबे देखने का सपना संजोए बैठे लोगों को अब ज्यादा दूर जाने की आवश्यकता नहीं होगी. उनके लिए सेक्टर- 4 में 14 एकड़ जमीन पर 7 अजूबों की थीम पर आधारित वेस्ट टू वंडर पार्क विकसित किया जाएगा. इसके लिए सोनीपत मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (SMDA) प्रस्ताव तैयार कर रहा है.
पर्यटन की दृष्टि से मिलेगी नई पहचान
SMDA के एक अधिकारी ने बताया कि सेक्टर- 4 के खेल स्टेडियम के समीप 10 करोड़ रुपए की लागत से थीम पार्क विकसित किया जाएगा. इस पार्क को बच्चों व स्थानीय लोगों की सुविधाओं के हिसाब से डिजाइन किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि नगर निगम क्षेत्र से प्रतिदिन 200 टन कूड़ा निकलता है और इसमें खराब प्लास्टिक भी होता है. इसी की मदद से शहर के लोगों को आकर्षित करने के लिए थीम पार्क का निर्माण किया जा रहा है.
इस थीम पार्क को सेवन वंडर्स का नाम दिया गया है, जिसमें दुनिया के 7 अजूबों के प्रतिरूप स्थापित किए जाएंगे. इस पार्क की बदौलत सोनीपत को पर्यटन के मानचित्र पर एक नई पहचान मिलेगी. इस पार्क में कबाड़ से दुनिया के सात अजूबों की प्रतिकृतियां बनाई जाएगी.
इन चीजों से तैयार होगी सामग्री
थीम पार्क में ताजमहल, एफिल टॉवर, पीसा की मीनार, स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी, क्राइस्ट द रिडीमर, कोलोसियम और चीन की दीवार बनाई जाएगी. इन संरचनाओं को ऑटोमोबाइल स्क्रैप, पुरानी लोहे की चादरें और बेकार पाइप्स से तैयार किया जायेगा. इस पार्क को विकसित करने का उद्देश्य न केवल मनोरंजन प्रदान करना है बल्कि शिक्षा और पर्यटन को भी बढ़ावा देना है. इस पार्क में हरियाली, वॉकिंग ट्रैक, बैठने के लिए उत्तम व्यवस्था और दूधिया रोशनी से जगमग करने के लिए एलईडी लाइट्स लगाई जाएगी. वहीं, साथ ही फूड कोर्ट और म्यूजियम भी बनाया जाएगा. इस पार्क के जरिए लोगों को प्रकृति से जोड़ने का काम किया जाएगा.
सबको सीखने का मिलेगा अवसर
वेस्ट टू वंडर पार्क में 7 महाद्वीप को इंगित करने वाली कलाकृतियां होगी. इसमें भारत देश के सभी राज्यों को इंगित करने वाली कलाकृतियां भी बनाई जाएगी. इस तरह की चीजें देखकर बच्चों को सीख मिलेगी कि कूड़े- कचरे से कितनी बेहतर चीजें तैयार की जा सकती है. इससे कचरे की समस्या से निजात मिलेगी. साथ ही, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा.
