सोनीपत | हरियाणा के सोनीपत जिले से एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां एक गांव से दूसरे गांव के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करने और बाढ़ नियंत्रण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए गोहाना क्षेत्र की तीन प्रमुख ड्रेनों पर छोटे और बड़े पुलों का निर्माण किया जाएगा. इससे खेतों, गांवों और प्रमुख सड़कों के बीच आवागमन करने में सालों से परेशानी झेल रहे लोगों को राहत पहुंचेगी.
इन जगहों पर बनेंगे नए पुल
बता दें कि बाढ़ एजेंडा के तहत इन पुलों के निर्माण की स्वीकृति गोहाना विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक एवं जेल व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा की अनुशंसा पर मिली है. जिसके बाद सिंचाई विभाग ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी कर ली है.
सिंचाई विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि खंदराई ड्रेन पर खेतों की तरफ जाने वाले रास्तों पर सात छोटे पुल का निर्माण किया जाएगा. ये पुल गांव हसनगढ़, खंदराई, आहुलाना व वजीरपुरा के क्षेत्र में बनेंगे. इन जगहों पर बारिश के मौसम में जलभराव के चलते किसानों को खेतों तक पहुंचने में खासी परेशानी झेलनी पड़ती थी. लेकिन अब पुल निर्माण के बाद ट्रैक्टर व अन्य वाहनों से आवाजाही करने में आसानी हो जाएगी.
रोहतक आवागमन होगा आसान
इसके अलावा भंभेवा ड्रेन पर घड़वाल गांव की तरफ जाने वाले मुख्य रास्ते पर भी पुल का निर्माण किया जाएगा. इस रास्ते से कई गांवों की हजारों की आबादी का रोजाना आवागमन रहता है. ऐसे में यहां पुल निर्माण से लोगों का सफर सुरक्षित व आरामदायक हो जाएगा. वहीं, आंवली क्षेत्र में रोहतक की ओर जाने वाले मुख्य रास्ते पर ड्रेन नंबर-8 पर बड़े पुल का निर्माण होगा. इस पुल के निर्माण से स्थानीय लोगों के साथ- साथ रोहतक आवागमन करने वाले लोगों को भी सुविधा होगी.
गोहाना क्षेत्र के कई रास्तों पर पुल निर्माण के लिए टेंडर लगाए जा चुके हैं और जल्द ही काम शुरू होगा. इनके बनने से हजारों की आबादी के लिए आवाजाही सुगम व सुरक्षित बनेगी. साथ ही बरसात के मौसम में पानी का बहाव भी प्रभावित नहीं होगा- गुलशन कुमार, XEN सिंचाई विभाग
