सोनीपत | अपने परिजनों के बीच रंगों का त्योहार होली मनाने के बाद अब कामगार व नौकरीपेशा लोगों के लिए वापस कार्यस्थल पर लौटने की भागदौड़ शुरू हो चुकी है. जैसे होली पर घर लौटने के लिए भारतीय रेलवे (Indian Railways) द्वारा स्पेशल ट्रेनों की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी ठीक वैसे ही अब घर से अपने कार्यस्थल पर लौटने वालों के लिए स्पेशल ट्रेनों की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है.
मऊ- अंबाला कैंट के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन
होली पर्व मनाने के बाद विभिन्न प्रदेशों व जिलों से लोग अब वापस अपने काम- धंधों पर लौटने लगे हैं. इनकी यात्रा को आरामदायक बनाने के उद्देश्य से रेलवे ने दिल्ली- अंबाला रूट पर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन (05301/ 02) संचालित करने का फैसला लिया है. यह ट्रेन 5- 27 मार्च तक मऊ जंक्शन से अंबाला कैंट के बीच आवागमन करेगी.
यह रहेगा शेड्यूल
ट्रेन नंबर 05301, 5 मार्च से 26 मार्च तक प्रत्येक वीरवार को मऊ जंक्शन से सुबह 4 बजे रवाना होकर वाया सोनीपत होते हुए रात साढ़े 12 बजे अंबाला कैंट पहुंचेगी. सोनीपत स्टेशन पर इस ट्रेन के ठहराव का समय रात 09.12 बजे रहेगा. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 05302, 6 से 27 मार्च तक प्रत्येक शुक्रवार को रात 01.40 बजे अंबाला कैंट से रवाना होकर वाया सोनीपत होते हुए शनिवार की रात 11 बजे मऊ जंक्शन पर आगमन करेगी. सोनीपत स्टेशन पर यह ट्रेन सुबह 03.40 बजे पहुंचेगी.
होली पर्व के बाद विभिन्न प्रदेशों से अपने कार्यस्थल पर लौटने वाले लोगों की अतिरिक्त भीड़- भाड़ को देखते हुए साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के संचालन का फैसला लिया गया है. इससे यात्रियों को आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा- हिमांशु शेखर उपाध्याय, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर रेलवे
