सोनीपत | हरियाणा में सड़क नेटवर्क का बुनियादी ढांचा मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में सूबे की नायब सैनी सरकार में सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने शुक्रवार को गोहाना से लाखन माजरा सड़क मार्ग के सुदृढ़ीकरण कार्य का शुभारंभ किया. लोक निर्माण विभाग की ओर से जिले की सीमा तक इस सड़क मार्ग का पुनर्निर्माण किया जाएगा और इस प्रोजेक्ट पर 6.17 करोड़ रुपए की धनराशि खर्च होगी.
इस अवसर पर सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने बताया कि इस सड़क मार्ग के दुरस्त होने से हजारों वाहन चालकों के साथ- साथ लगभग 1 दर्जन गांवों ठसका, गुढ़ा, आहुलाना, मदीना, भंडेरी और कथूरा आदि की आबादी खासकर किसानों को विशेष तौर पर फायदा पहुंचेगा.
किसानों को मिलेगा फायदा
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि इसी सड़क मार्ग पर गांव आहुलाना में चौधरी देवीलाल सहकारी चीनी मिल पड़ती है. यहां पेराई सत्र में बड़ी संख्या में किसान ट्रेक्टर- ट्रालियों में गन्ना लेकर पहुंचते हैं. ऐसे में इन किसानों को बेहतर सड़क मार्ग की सौगात मिलेगी तो उनके लिए मिल में पहुंचना सुरक्षित हो जाएगा. वहीं, इस रूट पर स्थित कई गांवों के लोगों के लिए भी सफर करना आसान व सुरक्षित हो जाएगा.
करोड़ो रुपए होंगे खर्च
उन्होंने बताया कि इसी तरह गोहाना से जुलाना सड़क मार्ग के निर्माण के लिए सोनीपत जिले की सीमा तक 27 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे. इसके लिए बहुत जल्द टेंडर जारी किया जाएगा. कैबिनेट मंत्री ने बताया कि प्रदेश में बीजेपी सरकार के गठन के बाद गोहाना विधानसभा क्षेत्र में 18 सड़कों का निर्माण कार्य करवाया गया है और 16 सड़कों के निर्माण का काम चल रहा है. यही नहीं, स्पेशल रिपेयर योजना में छह महीने के भीतर 6 करोड़ रुपये की धनराशि से 9 सड़कों का निर्माण पूरा करवाया जायेगा.
