सोनीपत | अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के कई प्रमुख स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है. हरियाणा के पुराने भवनों का जीर्णोद्धार करवाकर नया स्वरूप दिया जा रहा है. स्टेशन पर यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है. इसी कड़ी में सोनीपत रेलवे स्टेशन अपनी पुरानी पहचान बदलकर एक नए जंक्शन का रूप लेने जा रहा है. यहां 29 करोड़ से जारी नवीनीकरण कार्य लगभग पूरा होने की कगार पर पहुंच चुके हैं.
यात्रियों को मिलेगा फायदा
सोनीपत रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर- 1 को अपग्रेड किया जा रहा है. फिलहाल, इसकी ऊंचाई कम होने के चलते बुजुर्ग- दिव्यांग यात्रियों को ट्रेन में चढ़ते समय परेशानी झेलनी पड़ रही थी. अब इसकी ऊंचाई बढ़ाकर स्टैंडर्ड ऊंचाई के बराबर कर दी जाएगी. इससे दुर्घटना होने की संभावना खत्म हो जाएगी.
महाभारत काल का दिखेगा नजारा
महाभारत कालीन इतिहास को फिर से जीवित करने के लिए स्टेशन के मेन एंट्री गेट पर पांडवों के नाम पर पांच शानदार गुंबद बनाए गए हैं. इसके अलावा, दिल्ली के मंगोलपुरी स्टेशन जैसी सफेद जालीदार सजावटी चादरें स्टेशन की खूबसूरती में चार-चांद लगा रही है. वहीं, प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों को दिखाने के लिए स्टेशन के भीतर बोर्ड लगाए जाएंगे जिससे हरियाणा से बाहर के यात्रियों को इस क्षेत्र की संस्कृति से परिचित कराया जा सके.
स्टेशन पर मिलेगी आधुनिक सुविधाएं
सोनीपत स्टेशन पर अतिरिक्त भीड़- भाड़ से निपटने के लिए एक 12 मीटर चौड़ा फुट ओवरब्रिज का निर्माण लगभग पूरा कर लिया गया है. सीढ़ियों का काम चल रहा है, जिसके बाद लिफ्ट लगाने का काम शुरू होगा. यात्रियों के लिए 45 फीट चौड़ा एक वातानुकूलित वेटिंग रूम तैयार किया गया है. सभी प्लेटफॉर्म पर लिफ्ट और एस्केलेटर की सुविधा मिलेगी जिससे यात्रियों के लिए भारी सामान के साथ घूमने में आसानी होगी.
इस स्टेशन पर फूड कोर्ट और कमर्शियल सेंटर का निर्माण किया जाएगा. इससे रेलवे को आमदनी मिलेगी. स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे. वहीं, एक ऑटोमैटिक लाइटिंग सिस्टम लगाया जा रहा है जो यात्रियों की मौजूदगी के आधार पर काम करेगा. इससे बिजली की काफी बचत होगी. यात्रियों को मूलभूत सुविधाओं के तहत साफ-सुथरे शौचालय, पीने का साफ पानी, ट्रेनों की सूची के लिए बड़ी एलईडी स्क्रीन, डिजिटल क्लॉक आदि उपलब्ध कराई जाएगी.
