चंडीगढ़ | पूरा हरियाणा घने कोहरे के आगोश में सिमट गया है. मौसम विभाग ने हरियाणा के कई इलाकों में घने कोहरे के चलते यलो अलर्ट जारी किया है. एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद अब बर्फीली हवाओं ने मैदानी इलाकों पर असर दिखाना शुरू कर दिया है जिससे रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. हालांकि, दिन में धूप निकलने से ठिठुरन कम महसूस हुई है.
हरियाणा में इतना रहेगा तापमान
तापमान की बात करें तो राज्य के हिसार जिले की रातें सबसे ठंडी रही है. हिसार शहर का अधिकतम तापमान बढ़ गया, लेकिन न्यूनतम तापमान एक ही रात में गिर गया. मंगलवार को घने कोहरे के कारण यातायात पर भी असर पड़ा है. सुबह के समय गोरखधाम एक्सप्रेस 3 घंटे लेट चली, रोडवेज बसों का भी यही हाल रहा.
कल बदल सकता है मौसम
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. 5 फरवरी की रात से एक ओर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे हल्की नमी और ठिठुरन कायम रहेगी. 6 और 7 फरवरी को मौसम सामान्य रहेगा. 9 फरवरी को फिर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से हरियाणा में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. इसके साथ ही, तापमान में उतार- चढ़ाव आएगा. कुल मिलाकर अभी ठंड के हालात अभी जारी रहेगा और सुबह- शाम कोहरा अधिक रहेगा.
किसानों के लिए सलाह
बदलते मौसम एवं घने कोहरे को देखते हुए किसानों के लिए सलाह है कि अभी 2 से 3 दिन फसलों में सिंचाई ना करे. फसलों को कोहरे से बचाने के लिए शाम के समय खेतों की मेड़ों पर धुंआ करें. वहीं पशुओं को ठंडी हवाओं से बचाने के लिए उन्हें रात में अंदर रखे. इसके साथ ही पशुओं को ठंडे पानी के बजाए हल्का गर्म पानी पिलाया जाए, ताकि बचाव हो सके.
