चंडीगढ़ | हरियाणा में तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. सूर्य की चमचमाती धूप से शरीर पर चुभन महसूस हो रही है. बढ़ते तापमान और सूखे वातावरण ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 15 मार्च को जिले में बारिश और गरज- चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है, जिससे चुभती गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है.
गर्म हवा से लोग परेशान
प्रदेश के 9 शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है. महेन्द्रगढ़ राज्य का सबसे अधिक गर्म स्थान रहा है, जहां तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है. इसके अलावा नारनौल, हिसार, नूहं, भिवानी, चरखी दादरी और गुरुग्राम समेत कई जगहों पर तापमान 35 डिग्री से ऊपर चला गया है.
मार्च के शुरुआत में ही इतनी गर्मी कही न कही चुनौतीपूर्ण है. दिन की तेज धूप और दो दिन से चल रही गर्म हवाओं से लोग परेशान हो गए है. अब घरों व दुकानों में पंखे, कूलर चलने लगे है. बाजारों में शीतल पेय पदार्थों के साथ- साथ कुल्फी, आइसक्रीम, फलों का जूस, लस्सी, मैंगो शेक, मिल्क शेक आदि की डिमांड बढ़ रही है. इसके साथ ही सूती कपड़ों की मांग भी बढ़ रही है.
आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा में 12 मार्च तक मौसम शुष्क रहने और तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है, लेकिन 14 मार्च को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ गरज- चमक और 30- 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है.
