चंडीगढ़, Haryana Mausam Update | हरियाणा में अब धीरे- धीरे गर्मी अपने तेवर दिखाने लगी है. कंबल और रजाइयों का दौर खत्म हो चुका है और घरों में पंखे और कूलर चलने लगे हैं. हालांकि, रात के समय अभी भी हल्की ठंड महसूस की जा रही है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मार्च के अंत तक गर्मी पूरी तरह से अपने प्रभाव डालना शुरू कर देगी.
अभी बरसात के नहीं आसार
शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए रह सकते हैं, जिससे मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिलेगा. बीते कुछ दिनों से मौसम में बदलाव देखा जा रहा है, लेकिन आने वाले दिनों में मौसम साफ रहने की संभावना बनी हुई है. इस दौरान तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 24 मार्च तक आसमान साफ रहेगा. इस अवधि में बारिश की कोई संभावना नहीं है. यह मौसम फसल की कटाई और थ्रेशिंग के लिए उपयुक्त माना जाता है.
पलवल रहा सबसे गर्म
कल 21 मार्च को हरियाणा का सबसे गर्म जिला पलवल रहा, जहां तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अन्य शहरों की बात करें तो अंबाला में 31.4 डिग्री, हिसार में 32.5 डिग्री, करनाल में 30.5 डिग्री, रोहतक में 30 डिग्री, सिरसा में 32 डिग्री और फतेहाबाद में 29.7 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया. वहीं, गुरुग्राम में 31 डिग्री, कुरुक्षेत्र में 31.2 डिग्री, महेंद्रगढ़ में 32.5 डिग्री और फरीदाबाद में तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 1.6 डिग्री गिरकर 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
