हिसार, Haryana Mausam | हरियाणा में सोमवार सुबह से मौसम में बदलाव देखने को मिला. हिसार, भिवानी, अंबाला और सिरसा में सुबह से ही बारिश का सिलसिला शुरू हो गया. कुछ देर बाद गुरुग्राम में भी बूंदाबांदी होने लगी. खबर लिखे जाने तक फरीदाबाद, फतेहाबाद और महेंद्रगढ़ के नारनौल में आसमान बादलों से ढका हुआ है, जहां कभी भी बरसात हो सकती है. इस बदलते मौसम से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली है.
आज इन जिलों में बारिश की संभावना
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ के अनुसार सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, चरखी दादरी, भिवानी, रोहतक, पानीपत, सोनीपत, अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में आज हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है. कुछ स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार 16 जुलाई तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा.
इस कारण बढ़ी हरियाणा में बढ़ी नमी
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ट्रफ की उत्तरी सीमा सूरतगढ़, भिवानी, अलीगढ़, बांदा, डाल्टागंज, दीघा होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है. इससे बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाएं हरियाणा में प्रवेश कर रही हैं, जिससे मौसम में बदलाव हो रहा है. वर्ष 2025 में अब तक प्रदेश में औसतन 154.5 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, जबकि सामान्य तौर पर इस अवधि में 112.8 मिमी बारिश होती है. इस हिसाब से अबकी बार 37% अधिक वर्षा हो चुकी है.
15- 16 जुलाई को इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, 15 जुलाई को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, नारनौल, कैथल, अंबाला, यमुनानगर, पंचकूला, पलवल, मेवात, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, पानीपत, सोनीपत, जींद और कैथल में बारिश के आसार हैं.
16 जुलाई को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, करनाल, कैथल, अंबाला, यमुनानगर, पंचकूला, पलवल, मेवात, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, जींद और कैथल में भी बारिश होने की संभावना जताई गई है.
