हरियाणा में फिर बारिश और ओलावृष्टि की संभावना, किसानों और पशुपालकों के लिए अलर्ट जारी

हिसार | हरियाणा में मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है. सुबह- शाम ठंडी शीत लहर हवाएं कंपकंपी छूटा रही है तो दिन में धूप निकलने से थोड़ी- बहुत राहत मिल रही है. मौसम विभाग का कहना है कि 31 जनवरी की रात से मौसम में फिर बदलाव देखने को मिलेगा और 1 फरवरी को कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

Barish Rain Weather Mausam

हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. चंद्रशेखर ने बताया कि 31 जनवरी यानी आज मौसम शुष्क, ठंडी हवाएं चलने तथा अलसुबह व देर रात्रि कहीं-कहीं धुंध की संभावना है. 31 जनवरी की रात से प्रदेश में एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है जिसके चलते मौसम में परिवर्तन देखने को मिलेगा.

उन्होंने बताया कि राज्य में मौसम में बदलाव होने से 31 जनवरी देर रात्रि व एक फरवरी को ज्यादातर क्षेत्रों में हवाओं व गरज- चमक के साथ कहीं हल्की व कहीं मध्यम बारिश होने की संभावना है. इसी के प्रभाव से 2 व 3 फरवरी को राज्य के उत्तरी व दक्षिणी जिलों में कहीं- कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है. 4 फरवरी से मौसम खुश्क व शीतलहर चलने के आसार हैं.

यह भी पढ़े -  दिल्ली वालों की हुई बल्ले- बल्ले, रातभर बरसे बादल; मौसम हुआ सुहाना

इन जिलों में बारिश की संभावना

आज रात सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दक्षिण हरियाणा के महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह और पलवल जिले में छिट-पुट बूंदाबांदी हो सकती है. वहीं, 1 फरवरी यानी कल प्रदेश के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, ओलावृष्टि व बिजली गिरने की आंशका बनी हुई है. 30- 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है.

ऐसे में मौसम विभाग ने किसानों और पशुपालकों को सतर्क रहने की सलाह दी है. विभाग का कहना है कि बारिश की संभावना को देखते हुए किसान साथी अगले 3- 4 दिन गेहूं और सरसों की फसल में सिंचाई करने से परहेज़ करें.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.